चंडीगढ़। शहर के मान्यवीर भादू ने यूएस किड्स गोल्फ यूरोपियन चैंपियनशिप-2024 का खिताब हासिल किया है। वह खिताब हासिल करने वाले भारत के पहले जूनियर गोल्फर बन गए हैं। भादू ने यह खिताब 15 से 18 आयु वर्ग में प्राप्त किया है।
विज्ञापन
इस उपलब्धि पर मान्यवीर भादू को यूएस गोल्फ फाउंडेशन ने भी बधाई संदेश भेजा है, जबकि चंडीगढ़ में उनके वरिष्ठ खिलाड़ियों ने भी स्वर्णिम भविष्य की कामना की। स्थानीय गोल्फर मान्यवीर ने स्कॉटलैंड के क्रेगीलॉ गोल्फ कोर्स में (28 से 30 मई) तक हुए यूएस किड्स गोल्फ यूरोपियन चैंपियनशिप को जीतकर चंडीगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश को इस शीर्ष सम्मान से गौरवान्वित किया है।
मान्यवीर भादू 73, 77 और 77 के तीन दिवसीय स्कोर के साथ लड़कों की 15-18 वर्ष की श्रेणी में यह खिताब जीतने वाले पहले जूनियर भारतीय गोल्फर बन गए हैं। उन्होंने तीन दिवसीय प्रतिस्पर्धी इवेंट में मैक्सिको के एस्टेबन फुएंटेस कास्त्रो और स्पेन के मैरीओ बुइज मारिस्कल को हराते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। 17 वर्षीय मान्यवीर चंडीगढ़ सेक्टर-26 स्थित सेंट कबीर स्कूल से पासआउट हैं।