हरियाणा रोडवेज कर्मियों ने अब विभाग में खाली पड़े पदों को जल्द से जल्द भरने की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। कर्मचारियों का कहना है कि इसी वजह से बरसों से उनकी प्रमोशन भी लटकी पड़ी है।
उन्होंने बेड़े में शामिल होने वाली नई 367 बसों की खरीद पर फिलहाल रोक लगाए जाने के फैसले का भी विरोध किया है। ऑल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि यदि सरकार रिक्त पदों को नहीं भरती और नई सरकारी बसें नहीं खरीदती तो उन्हें मजबूरन आंदोलन करना पड़ेगा।
ऑल हरियाणा रोङवेज वर्कर्स यूनियन के राज्य प्रधान हरिनारायण शर्मा व महासचिव बलवान सिंह दोदवा ने संयुक्त ब्यान जारी करते हुए बताया कि हरियाणा रोङवेज में सभी श्रेणी के पद खाली पड़े हैं, लेकिन परिवहन अधिकारियों की लापरवाही के चलते लंबे अरसे से किसी भी पद पर प्रमोशन नहीं हो रही।
शर्मा व दोदवा ने बताया कि अभी तक परिवहन विभाग में स्टेशन सुपरवाइजर के 58, मुख्य निरीक्षक के 52, निरीक्षक के 450, उप निरीक्षक के 160, अधीक्षक के 22 व वर्कशॉप में एसएसआई के सभी पद खाली पड़े हुए हैं।
उन्होंने बताया कि कर्मचारियों का 4 साल का बोनस व अन्य बहुत सी विभागीय मांगें भी एक लंबे अरसे से बकाया पड़ी हैं। उन्होंने बताया कि परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार काफी समय से रोडवेज के बेड़े में 367 नई बसें लाने का दावा कर रहे थे। लेकिन अब अचानक इन बसों की खरीद पर रोक लगाने का निर्णय दुर्भाग्यपूर्ण है।