चंडीगढ़। कोरोना वायरस से लड़ने के लिए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद दिखाई दे रहा है। इसके के लिए लोगों से अपील भी की गई है कि वह कोरोना वायरस के लिए फंड भी दे सकते हैं। इसके बाद अब पद्मश्री और उड़न सिख मिल्खा सिंह और अन्य कई इंटरनेशनल खिलाड़ी भी सामने आए हैं जिन्होंने कोरोना पीड़ितों की मदद के लिए लाखों रूपये फंड में देने के लिए बात कही है।
कोरोना वायरस का प्रभाव इन दिनों देश में कई राज्यों में फैलता जा रहा है।
राज्य सरकारें इस स्थिति से निपटने में लगी हुई है और तरह से संभव कार्यों को कर रही हैं। इस परिस्थिति से निपटने में यूटी प्रशासन भी हर तरह के कार्य कर रहा हैं। वीरवार को यूटी प्रशासक वीपी बदनौर ने सिटी का दौरा किया था। प्रशासक ने चंडीगढ़ फाइट्स कोरोना फंड की घोषणा करते हुए एक लाख रूपये का योगदान भी किया था। प्रशासन के इस कदम से सिटी के कई नामी लोग भी आगे आए हैं।
यह मेरा शहर है, मेरा भी कुछ कर्तव्य बनता है
मिल्खा सिंह ने कहा कि कोरोना वायरस के विश्वभर में तेजी से बढ़ते प्रभाव से वह चिंतित है। इन्होंने कहा कि शहर में कोरोना से प्रभावित कुछ लोगों खबरों से वह दुखी हैं। इस बीमारी से बचने के लिए खुद सचेत रहना चाहिए और घरों में रहना चाहिए। मिल्खा सिंह ने कहा कि यह मेरा शहर है और मेरा भी इसके प्रति कुछ कर्तव्य बनता है। उन्होंने कोरोना पीड़ितों को तीन-चार लाख रूपये फंड के तौर पर देने को कहा है।
दूसरों की सेवा करने से मिलती है खुशी पैरा ओलंपिक टेबल टेनिस प्लेयर और पति-पत्नी मुकेश और पूनम भी कोरोना वायरस से प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आए हैं। इन दोनों ने अपने 50-50 हजार रुपये की राशि को चंडीगढ़ फाइट्स कोरोना फंड में देने की बात कही है। इंटरनेशनल स्तर पर दोनों को इनामी राशि अभी सरकार की ओर मिलनी है और कुछ रुपये इन्होंने खुद जमा किए हैं, जिसे वह कोरोना वायरस फंड में देना चाहते हैं।
सब लोगों को एक साथ आना चाहिए
देश को ओलंपिक कोटा दिलाने वाली इंटरनेशनल शूटर अंजुम मोदगिल ने कहा कि कोरोना वायरस निपटने के लिए हम सबको एक जुटकर होकर जो भी मदद बन सके उसे किया जाना चाहिए। यह हम सभी के लिए संकट की स्थिति है। इसके लिए सभी को आगे आना चाहिए। अंजुम ने कहा कि वह उन्हें चंडीगढ़ फाइट्स कोरोना फंड की अभी जानकारी मिली है और वह इसके लिए जितना होगा अपने परिवार सहित मदद करेंगी।