चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय के तमाम छात्रों को प्रैक्टिकल की चिंता सता रही है क्योंकि वह लैब पहुंच नहीं पाएंगे और प्रायोगिक परीक्षा कैसे होंगी। कुछ छात्रों ने विभाग अध्यक्षों को मेल भी किए हैं। उन्होंने प्रैक्टिकल के बारे में जानकारी जानी है।
यूजीसी ने फाइनल ईयर के छात्रों की परीक्षा कराने के निर्देश दिए हैं। पीयू परीक्षा कराने के लिए प्लान तैयार कर रहा है। इसी बीच फाइनल ईयर के छात्रों के प्रैक्टिकल भी होते हैं। इसके जरिये छात्रों की मेरिट भी अच्छी बनती है। वहीं छात्रों को पास होने में आसानी होती है। छात्रों का कहना है कि उनके प्रैक्टिकल अभी पूरे नहीं हो पाए हैं क्योंकि प्रयोगशालाओं में जाने के बाद ही प्रायोगिक परीक्षाएं होती हैं। अब बिना लैब में गए प्रायोगिक परीक्षाएं कैसे होंगी। हालांकि पीयू की कुछ कक्षाओं ने छात्रों को असाइनमेंट दे दिए हैं। विद्यार्थी ऑनलाइन मेल के जरिए उन्हें भेज रहे हैं, उसी के आधार पर विद्यार्थियों को अंक दिए जाएंगे। हालांकि विभाग के शिक्षक अपने-अपने तरीके निकाल रहे हैं ताकि छात्रों की प्रायोगिक परीक्षाएं आसानी से हो जाएं। यह बात भी साफ है कि छात्रों को प्रयोगशालाओं में नहीं बुलाया जाएगा, उन्हें असाइनमेंट देकर ही काम चलाने की योजना है क्योंकि कोरोना के कारण पीयू कोई भी रिस्क नहीं लेना चाहता।