मामले की जानकारी देते एसएसपी डॉ. नानक सिंह।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह से ई-मेल पर रंगदारी मांगने के अलावा जान से मार देने की धमकी देने वाले एक नाबालिग को सीआईए स्टाफ मानसा ने राजस्थान के जोधपुर जिले से गिरफ्तार किया है। उक्त नाबालिग लड़के ने एक बार नहीं बल्कि चार बार ई-मेल पर जान से मारने की धमकी दी थी।
मानसा के एसएसपी डॉ. नानक सिंह ने बताया कि सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने थाना सदर मानसा पुलिस को शिकायत दी थी कि उन्हें 18, 24, 26 और 27 फरवरी को उसकी मेल पर अज्ञात व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी दी और रंगदारी मांगी। इस पर थाना सदर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था।
एसएसपी के अनुसार सीआईए स्टाफ और थाना सदर मानसा की पुलिस ने साइबर सेल की मदद से बलकौर सिंह को मेल करने वाले 14 साल के नाबालिग लड़के को राजस्थान के जोधपुर जिले के गांव डांगियावास से काबू किया है। मजदूर परिवार से संबंध रखने वाला उक्त नाबालिग 10वीं कक्षा का विद्याथी हैं। उसके पास से एक स्मार्टफोन बरामद किया गया। उसे किशोर अदालत में पेश कर उससे और पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।