पत्रकारों से बातचीत में सिंह ने कहा कि टीम इंडिया में श्रीजेश की गोलकीपिंग भारत की सबसे बड़ी ताकत है। साथ ही अनुभवी खिलाड़ियों का लाभ भी भारत को मिल रहा है। जिसके चलते भारत रविवार को क्वार्टर फाइनल में ब्रिटेन को हराकर टॉप चार में पहुंचा है।
साल दर साल महिला व पुरुष हॉकी की परफॉर्मेंस में काफी सुधार हुआ है। कप्तान रानी रामपाल और वंदना कटारिया जैसी परिस्थितियों को तुरंत समझ जाने वाली खिलाड़ियों का लाभ देश को जरूर मिलेगा। लीग मैच में मिली हार के बाद हमारे खिलाड़ियों को अपनी गलतियों का पता चल गया और उन्होंने समय रहते इसमें सुधार कर लिया। जिसके बाद दोनों टीमों ने शानदार वापसी करते हुए लगातार मैच जीते। अब एक बार फिर हॉकी में भारत बड़ी शक्ति बन रहा है और स्वर्णिम युग की वापसी हो रही है।
महिला हॉकी टीम पर गर्व: कैप्टन अमरिंदर सिंह
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भारतीय महिला हॉकी टीम को टोक्यो ओलंपिक के सेमीफाइनल में कदम रखने पर बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा- तीन बार के ओलंपिक चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराकर ओलंपिक सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए हमें हमारी महिला हॉकी टीम पर गर्व है। कैप्टन ने टीम की सदस्य अमृतसर की गुरजीत कौर को भी बधाई दी, जिन्होंने मैच का एकमात्र गोल किया। कैप्टन ने लिखा- हम इतिहास की दहलीज पर हैं।