संगरूर से आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान ने कहा कि अपने 10 साल के कार्यकाल में शिअद नेताओं ने पंजाब को दोनों हाथों से लूटा है। चुनाव नजदीक आते ही पंजाब के विकास के झूठे सब्जबाग दिखाकर लोगों को झांसा देने की कोशिश की जा रही है।
शिअद के संताप को भोग चुके लोगों ने साल 2017 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की सरकार बनाने का मन बना लिया है। मान रविवार को फरीदकोट के कम्मेआना गेट और जैतो के राम लीला मैदान में पार्टी उम्मीदवारों गुरदित्त सिंह सेखों और मास्टर बलदेव सिंह के समर्थन में आयोजित जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।
सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल खुद को किसानों का मसीहा मानते है लेकिन उनकी सरकार में सैकड़ों किसान खुदकुशी कर चुके हैं। बेरोजगार डिग्री लेकर सड़कों पर घूम रहे हैं और सरकारी कर्मी वेतन को लेकर हाहाकार मचा रहे हैं।