महात्मा गांधी के पौत्र तुषार गांधी द्वारा शहीद भगत सिंह व उसके साथियों को आतंकवादी कहे जाने के मामले को लेकर हरियाणा एंटी करप्शन सोसाइटी के सदस्य सोमवार को रादौर विधायक श्याम सिंह राणा से उनके निवास पर मिले।
सोसाइटी के प्रधान एडवोकेट वरयाम सिंह और मंगल पांडे के वंशज देवीदयाल पांडे के नेतृत्व में सोसाइटी के सदस्यों ने विधायक को सरकार से मिले अवार्ड व प्रशंसा पत्र सौंपकर अपना विरोध जताया।
मंगल पांडे के वशंज देवीदयाल पांडे ने वर्ष 2007 में मिला राजीव गांधी अवार्ड वापस लौटाया। वहीं एंटी करप्शन सोसाइटी की ओर से प्रधान वरयाम सिंह ने सरकार से मिले दो मेडल और प्रशंसा पत्र लौटाए। एसोसिएशन की ओर से विधायक को प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में मांग की गई कि सरकार तुषार गांधी के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करे, वहीं शहीदों की सूची तैयार कर भारत सरकार उन्हें अपने रिकार्ड में दर्ज करे ताकि शहीदों को सम्मान दिया जा सके।
साथ ही भारत इंकलाब आयोग गठित करने की मांग की ताकि शहीदों के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाले लोगों को आयोग के समक्ष बुलाकर सजा दी जा सके।
विधायक ने कहा कि संस्था की ओर से उन्हें जो पदक व प्रशंसा पत्र लौटाए गए हैं, वे उन्हें 22 मई को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को सौंपेंगे। वहीं मांगपत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजा जाएगा।
इस अवसर पर देवीदयाल पांडे, वरयाम सिंह, शुभम संधाला, बलविंदर संधाला, धनपत सैनी रादौर, जसविंदर चौंगावां, सर्वजीत गुमथला, अशोक कलरी और संजू बरहेडी मौजूद रहे।