चंडीगढ़। सेक्टर- 29/30 डिवाइडिंग रोड के पास अज्ञात ई-रिक्शा की टक्कर से एक पैदल जा रहे व्यक्ति की मौत हो गई। सेक्टर- 26 निवासी माया राम की शिकायत पर इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस ने अज्ञात ई-रिक्शा चालाक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि सोमवार को सेक्टर- 29/30 डिवाइडिंग रोड के पास एक अज्ञात ई-रिक्शा चालक ने पैदल चल रहे मंजीत नाम के व्यक्ति को तेज रफ्तार से टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मंजीत को इलाज के लिए तुरंत जीएमसीएच-32 में भर्ती कराया गया, लेकिन वहां ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात ई-रिक्शा चालक की तलाश में जुट गई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य संभावित सुराग की मदद से आरोपी चालक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।