जीरकपुर में चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर मौजूद मोतिया रॉयल सिटी के फ्लैट नंबर 803 सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान शाहाबाद (हरियाणा) के अशोक कुमार के रूप मे हुई है। वह अपने एक साथी के साथ मोतिया रॉयल सिटी में प्रॉपर्टी डीलर के घर आए थे।
कहा जा रहा है कि यहां उन्होंने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने गन व शव को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के बाद शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। खुदकुशी की सूचना के बाद मृतक के पिता, पत्नी व भाई मौके पर पहुंच गए थे।
यह भी पढ़ें: बैंड-बाजा और बवाल: दुल्हन के घर पहुंची दूल्हे की प्रेमिका, बारातियों संग की पिटाई, प्लेट लेकर भागते दिखे लोग
ढाई साल पहले महिला मित्र के साथ की थी सुसाइड की कोशिश
अशोक कुमार का शाहाबाद में बिजनेस था। करीब ढाई साल पहले वह अपनी महिला मित्र के साथ इसी सोसाइटी में रहता था और ढाई साल पहले दोनों ने खुदकुशी करने की कोशिश की थी। तब उसकी महिला साथी की मौत हो गई थी लेकिन अशोक बच गया था। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए डेराबस्सी सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
जानकारी के अनुसार अशोक कुमार हरियाणा से अपने एक साथी के साथ गाड़ी से निकला था और 12 बजकर 53 मिनट पर टावर नंबर चार के बाहर उनकी एंट्री हुई और अशोक कुमार अपने साथी के साथ ऊपर पवन उर्फ रवि के फ्लैट में चले गए। इस दौरान पवन का परिवार भी घर में ही मौजूद था। चाय-पानी पीने के बाद अशोक ने गन निकाल ली। इसे देख कर वहां मौजूद सभी चौंक गए और अशोक के साथ आया व्यक्ति घबराकर बाहर भाग गया। पवन ने अशोक को काफी समझाया लेकिन अशोक ने उसे धमकी दी कि आगे आया तो वह उसे भी गोली मार देगा। इतना कहते हुए अशोक ने खुद को गोली मार ली।
बड़ा सवाल? प्रॉपर्टी डीलर के घर में क्यों की खुदकुशी
जानकारी के अनुसार, अशोक कुमार करीब ढाई साल से अपनी महिला मित्र के साथ यहां रहता था और उन्हें फ्लैट पवन ने ही किराए पर दिलाया था। इसके चलते अशोक पवन को जानता था लेकिन पवन के घर आकर उसका खुद को गोली मारना अभी एक कहानी बना हुआ है। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। इसके अलावा पुलिस अशोक के साथ आए व्यक्ति की तलाश भी कर रही है जो गन देखने के बाद मौके से फरार हो गया था। पुलिस को उम्मीद है कि शायद वह व्यक्ति सारी बात जानता हो।
बिजनेस में नहीं थी कोई परेशानी
अशोक शाहाबाद में अपना बिजनेस करता था। मृतक के परिजनों ने बताया कि अशोक को कोई परेशानी नहीं थी और सब सामान्य चल रहा था।
मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों के बयानों के बाद 174 की कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए डेराबस्सी सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मौके से .32 बोर की गन मिली है। पता किया जा रहा है कि इसका लाइसेंस किसके नाम पर है।
-सिमरजीत सिंह, थाना प्रभारी