चोरी के दो मामलों में नामजद एक व्यक्ति की जेल से रिहा होने के 12 घंटे बाद संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। थाना कोटइसे खां पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर कोमलप्रीत सिंह के अनुसार हरजिंदर सिंह निवासी मसीतां रोड कोटइसे खां ने पुलिस को दर्ज करवाए बयान में बताया कि उसका भाई दविंदर सिंह उर्फ काला नशा करने का आदी था।
दविंदर सिंह काला के खिलाफ मोगा थाना सिटी और कोटकपूरा सिटी में चोरी के दो केस दर्ज थे, जिसके आरोप में दविंदर सिंह पिछले दो साल से फरीदकोट जेल में बंद था। हरजिंदर सिंह के अनुसार गुरुवार की शाम करीब सात बजे उन्हें फरीदकोट जेल से दविंदर सिंह का फोन आया। दविंदर सिंह ने बताया जेल से रिहा किया जा रहा है और वह वापस घर आ रहा है। इस दौरान हरजिंदर सिंह उसे कहा कि वह बस से फरीदकोट से जीरा तक आ जाए, इसके आगे वह उसे आकर ले जाएंगे।
इसके बाद दविंदर सिंह का परिवार से दोबारा संपर्क नहीं हुआ। शुक्रवार की सुबह पुलिस ने गांव सिंघपुरा मुन्नन की अनाजमंडी से दविंदर सिंह का शव बरामद कर किया। जांच अधिकारी ने बताया कि दविंदर सिंह के शव पर कोई चोट का निशान नहीं है और न ही उसके पास से कोई नोट या फिर अन्य चीज बरामद हुई है। पुलिस ने हरजिंदर सिंह के बयान पर 174 की कार्रवाई की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मोगा भेज दिया गया है। आगामी कार्रवाई विसरा रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी।