विकास नगर में शुक्रवार को सुबह एक 20 वर्षीय युवक शिव कुमार की मौत के बाद स्थानीय नेता राजनीति में जुट गए हैं। पूर्व पार्षद अनिल दूबे ने कहा है कि इलाके में हो रही दूषित पानी की सप्लाई के कारण इलाके में युवक की मौत हुई है।
वहीं मौजूद पार्षद राजेंद कौर रत्तू का कहना कि इलाके में पानी कि सप्लाई की ठीक है। इलाके में गंदा पानी नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को सुबह युवक की मौत की सूचना मिलते ही पब्लिक हेल्थ विंग के अधिकारियों को बुलाकर पानी की टेस्टिंग भी करा दी है। वहीं पब्लिक हेल्थ विंग ने पानी जांचने की बात मानी भी है।
पार्षद राजेंद्र कौर रत्तू का कहना कि शिव कुमार का एक मार्च को एक्सीडेंट हो गया था। इस एक्सीडेंट में शिव कुमार की छाती में चोट लगने से सांस की दिक्कत आ रही थी। मकान नंबर 1662 में रहने वाले शिव कुमार के पिता बांके बिहारी का भी कहना कि एक्सीडेंट के बाद शिव कुमार को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। उसके गले में भी परेशानी आ रही थी।
मामला को तूल पकड़ता देखकर मौलीजागरां थाना पुलिस ने शिव कुमार का शव शुक्रवार को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाया। मौलीजागरां थाना इंचार्ज बलदेव कुमार का कहना कि शिवकुमार का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए विसरा जांच के लिए भेजा गया है।
पूर्व पार्षद अनिल दूबे का कहना कि विकास नगर में गंदे पानी की सप्लाई से लोग बीमार हो रहे हैं। मकान नंबर 1665 के रहने वाले मदन सिंगना (50) और मकान नंबर 1585 में रहने वाले रामेश चंद्र (53) भी उल्टी-दस्त की बीमारी की चपेट में हैं। उनका कहना कि मेहर (46) के लीवर में दूषित पानी से इंफ्केशन हो गया है। इस तरह मकान नंबर 1735 में रहने वाले राम नारायण के 15 वर्षीय बेटे विशाल यादव को भी उल्टी दस्त की शिकायत होनेे पर सेक्टर 16 में भर्ती कराया है। शुक्रवार को सुबह साढे़ 11 बजे स्कूल से उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
वहीं पार्षद राजेंद्र कौर रत्तू का कहना है गर्मी के कारण लोग बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। इलाके में गंदे पानी सप्लाई नहीं हो रही है। उन्होंने सारे आरोप को बेबुनियाद बताते हुए इसे घटिया राजनीति बताया है।
हेल्थ विभाग के एक्सईएन हरीश सैनी का कहना कि उन्होंने शुक्रवार को विकास नगर में टीम लगाकर पूरे इलाके में पानी की सप्लाई चेक की। पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। जिसकी रिपोर्ट भी सही आई है।