वारदात के बाद घटनास्थल पर जमा भीड़
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक शख्स ने अपने परिवार के दो सदस्यों की हत्या कर खुद को भी गोली से उड़ा लिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। तीनों के शव कमरे में ही पड़े मिले।
सुबह मृतक दिनेश का बड़ा भाई मुकेश उन्हें जगाने के लिए घर गया तो 35 वर्षीय दिनेश और उसकी 32 वर्षीय पत्नी कविता व 4 वर्षीय बच्ची तृषा के शव पड़े हुए मिले। तीनों के शव कमरे में देखकर मुकेश के होश उड़ गए। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही डीएसपी अशोक कुमार और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है जिस पर दिनेश कुमार ने पत्नी और बेटी की मौत का जिम्मेदार खुद को बताया है। फिलहाल शव को झज्जर के सरकारी अस्पताल में रखवाया गया है। जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।घटना के बाद से ही इलाके में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी मिली है कि शख्स ने रात के समय अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से पहले मां-बेटी को गोली मारी। जिससे उनकी मौत हो गई, बाद में खुद भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक पारिवारिक कलह की वजह से ऐसा कदम उठाया है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।