-बेटा-बेटी एक समान का संदेश, निर्मल ऋषि ने किया मेले का उद्घाटन
-
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। समाज में बेटा-बेटी के बीच व्याप्त भेदभाव को खत्म करने और समानता का संदेश देने के उद्देश्य से मालवा सभ्याचारक मंच ने शहर के गुरु नानक देव भवन में 30वां बेटियों का लोहड़ी मेला आयोजित किया। मंच पिछले तीन दशकों से बेटियों की लोहड़ी मना कर यह संदेश दे रहा है कि बेटी भी बेटे से कम नहीं है।
कार्यक्रम का उद्घाटन पंजाबी फिल्म अभिनेत्री और थिएटर कलाकार पद्मश्री निर्मल ऋषि ने किया। उन्होंने कहा कि समय बदल चुका है और आज लड़कियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने माता-पिता से बच्चों को अच्छे संस्कार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने की अपील की, ताकि वे भविष्य में एक बेहतर समाज का निर्माण कर सकें। निर्मल ऋषि ने संयुक्त परिवार प्रणाली की अहमियत पर भी जोर दिया।
मंच के चेयरमैन कृष्ण कुमार बावा, अध्यक्ष जसवीर सिंह राणा झांडे, महिला विंग की चेयरपर्सन सिमी क्वात्रा, महिला विंग अध्यक्ष इंदरजीत कौर और पूर्व मंत्री मलकीत सिंह दाखा ने मुख्य अतिथि को सम्मानित किया। निर्मल ऋषि ने वर्ष 2025 में बेटियों के जन्म वाले परिवारों को विशेष रूप से बधाई दी। मेले में विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू, पूर्व मंत्री शरणजीत सिंह ढिल्लों, कांग्रेस नेता पवन दीवान, भाजपा नेता प्रवीण बांसल, गुरदेव सिंह लापरां और प्रमुख कवि-विचारक प्रो. गुरभजन सिंह गिल ने भी शिरकत कर बेटियों को आशीर्वाद दिया।
हस्तियों को किया सम्मानित
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों को मंच की ओर से सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शिरोमणि गायक पाली देतवालिया, कौर सिमी, दलेर सिंह दलेर, अमरजीत सिंह शेरपुरी, सुरिंदर भलवान, मनी हरियाणा और मलकीत मंगा ने बेटियों को समर्पित गीत प्रस्तुत कर माहौल को उल्लास से भर दिया। मेला समाज में समानता, सम्मान और सकारात्मक सोच का सशक्त संदेश देकर संपन्न हुआ।