फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सात साल बाद बड़ा फैसला: सोनू शाह हत्याकांड में लॉरेंस बिश्नोई समेत पांच बरी, तीन दोषी

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। सात साल पुराने बहुचर्चित राजवीर सिंह उर्फ सोनू शाह हत्याकांड में बुधवार को जिला अदालत ने अहम फैसला सुनाते हुए गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई समेत पांच आरोपियों को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया जबकि तीन आरोपियों को हत्या सहित अन्य धाराओं में दोषी ठहराया। दोषियों की सजा पर 20 फरवरी को फैसला सुनाया जाएगा।
विज्ञापन

अदालत ने लॉरेंस बिश्नोई के अलावा धर्मेंद्र सिंह, अभिषेक उर्फ बंटी, राजू बसोदी और दीपक रंगा को संदेह का लाभ दिया। वहीं शुभम उर्फ बिगनी, मंजीत उर्फ मोटा और राजन उर्फ जाट को दोषी करार दिया गया। सभी आरोपी अलग-अलग जेलों चंडीगढ़, दिल्ली, अंबाला और गुजरात में बंद हैं।

2019 में दिनदहाड़े 14 राउंड फायरिंग
28 सितंबर 2019 को सेक्टर-45 स्थित बुड़ैल गांव में प्रॉपर्टी डीलर सोनू शाह की उसके कार्यालय में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने करीब 14 राउंड फायरिंग की। वारदात में जोगिंदर सिंह और परमिंदर घायल हुए थे। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वॉयस मैसेज वायरल हुआ जिसमें बिश्नोई गैंग की ओर से जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। चंडीगढ़ पुलिस की क्राइम ब्रांच ने जांच के बाद आठ आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। आरोप था कि जेल से संचालित नेटवर्क के जरिए साजिश रची गई।
विज्ञापन

ट्रायल में कमजोर पड़े साक्ष्य
सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष के कई साक्ष्य टिक नहीं सके। घायल गवाह जोगिंदर सिंह का मृत्यु प्रमाण पत्र अदालत में पेश नहीं किया जा सका। उसकी पत्नी ने बयान दिया कि वह वर्षों से अलग रह रही है और उसे पति की स्थिति की जानकारी नहीं। दूसरे घायल परमिंदर की मृत्यु रिपोर्ट 19 जनवरी 2026 को अदालत में आई, जिसके बाद उसका नाम गवाह सूची से हटा दिया गया। दो अहम गवाह होटल मैनेजर विपिन और चंदन पहचान से मुकर गए। घटना वाले दिन की सीसीटीवी फुटेज जब्त नहीं की गई। कथित वॉयस मैसेज के लिए आवाज के नमूने लिए गए पर फॉरेंसिक लैब नहीं भेजे गए। मोहाली के एक होटल रजिस्टर में धर्मेंद्र के हस्ताक्षर और आधार एंट्री होने के बावजूद वह रजिस्टर पुलिस रिकॉर्ड से गायब मिला। बचाव पक्ष ने दलील दी कि शिकायतकर्ता और मृतक के भाई ने केवल तीन दोषी करार आरोपियों की पहचान की थी। अन्य के खिलाफ ठोस साक्ष्य नहीं थे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बयान देते हुए लॉरेंस बिश्नोई ने कहा कि वह 12 वर्षों से जेल में है, मृतक को नहीं जानता और उसे झूठा फंसाया गया। साबरमती जेल के डीएसपी जिग्नेश एस. चावला ने गवाही दी कि 28 अगस्त 2023 को स्थानांतरण के बाद तलाशी में कोई संचार उपकरण नहीं मिला। अदालत ने अंतिम बहस के बाद फैसला सुरक्षित रखकर सुनाया। अब तीन दोषियों की सजा पर पूरे मामले की दिशा तय होगी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें