हरियाणा में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के बीच एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिन प्रत्याशियों के लिए चुनाव कराया गया था, उनकी जगह दूसरे नाम और सिंबल पर मतदान हो गया।
मामला सिरसा जिले के डबवाली ब्लॉक समिति का है। यहां बुधवार को वार्ड 19 में वार्ड 20 की ईवीएम पर ही चुनाव करा दिया गया। 501 मतदाताओं ने वोट भी डाल दिए। इस लापरवाही पर अब अधिकारियों के हाथ-पांव फूले हुए हैं। मामला हरियाणा निर्वाचन आयोग के संज्ञान में भी आ चुका है। आयोग ने डबवाली ब्लॉक के वार्ड नंबर 19 के चुनाव को रद्द कर दिया है। यहां 12 नवंबर को फिर से चुनाव कराने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
अमर उजाला से बातचीत में हरियाणा निर्वाचन आयोग ने इसकी पुष्टि की है। बताया गया है कि वार्ड 19 में केवल दो ही प्रत्याशी थे, जिसकी वजह से यहां सीधे आमने सामने की टक्कर थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जो ईवीएम चुनाव आयोग ने वार्ड 20 के लिए भेजी थी उसे वार्ड 19 में भेज दिया गया। अब चुनाव आयोग इस लापरवाही की विस्तृत जांच कराने के साथ जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की तैयारी कर चुका है।
बाहर मांगते रहे समर्थन, अंदर दूसरी ईवीएम पर पड़ गए वोट
मतदान के दौरान वार्ड 19 के दोनों प्रत्याशी दीपा सिंह व रवि गिल बाहर वोट मांगते रहे, जबकि भीतर बूथ नंबर 98 पर दोनों के नाम व सिंबल ही नहीं थे। वार्ड 19 की 3720 वोटों में से 790 वोटें बूथ 98 की हैं। खास बात यह है कि वार्ड 20 की ईवीएम पर चार प्रत्याशियों के सिंबल व नाम थे, इसके बाद भी न तो पोलिंग टीम और न ही मतदाताओं की नजर गई। 501 वोट डलने के बाद एक जागरूक मतदाता की इस गड़बड़ी पर नजर गई और उसने पोलिंग टीम को जानकारी दी। इसके बाद वोटिंग रद्द कर दी गई। हालांकि वार्ड 20 की ईवीएम सही थी।