रेलवे स्टेशन पर कड़ी सुरक्षा, एसीपी के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात
सोनीपत रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है। जंतर-मंतर पर जा रहे किसान, सामाजिक संगठनों को स्टेशन पर रोका जा रहा है। एसीपी नरसिंह के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात है। राजकीय रेलवे पुलिस बल व राजकीय रेलवे पुलिस फोर्स भी तैनात है। सभी से पूछताछ की जा रही है। एसीपी नरसिंह ने कहा कि असामाजिक तत्वों को दिल्ली जाने से रोका जाएगा। रेलवे स्टेशन पर एक कंपनी तैनात कर दी गई है। कानून हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी।
अभिमन्यु कोहाड़ व साथी हिरासत में लिए
पुलिस ने भारतीय किसान नौजवान यूनियन के पदाधिकारी व एसकेएम गैर राजनीतिक के सदस्य अभिमन्यु कोहाड़ व उनके साथियों को हिरासत में ले लिया है। उन्होंने ट्रेन से दिल्ली जाने की घोषणा की थी। जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया है।
जींद से दिल्ली जा रहे किसान हिरासत में
दिल्ली के नए संसद भवन पर पहलवानों के समर्थन में हो रही महापंचायत में जाने से पहले जींद पुलिस ने किसानों को रोक दिया। काफी संख्या में किसानों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और जींद, जुलाना, उचाना व नरवाना के थानों में बैठा लिया। इसके अलवा पंजाब की तरफ से जींद होकर दिल्ली की तरफ जाने वाली ट्रेनों को भी रोक दिया गया। इसलिए काफी संख्या में किसान दिल्ली नहीं जा पाए।
माजरा खाप के प्रधान गुरविंदर सिंह संधु, कंडेला खाप के प्रधान ओमप्रकाश कंडेला, महेंद्र सिंह सहारण, प्रवक्ता समुंदर सिंह फोर, जयनारायण जिलेदार, भाकियू के जिला प्रधान हजूरा सिंह, भाकियू के प्रैस प्रवक्ता रामजी ढुल ने बताया कि वह सुबह पांच बजे ही भारी संख्या में जींद रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए थे। यहां रात को ही भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। उनको पुलिस ने जबरदस्ती बसों में बैठा लिया और थानों में नजरबंद कर दिया गया। वहीं काफी लोग बसों के माध्यम से भी दिल्ली के लिए रवाना हुए।
रात दो बजे के बाद एक भी ट्रेन नहीं गई दिल्ली
पंजाब मेल जींद में रात को दो बजकर 32 मिनट पर आती है, जो मुंबई जाती है लेकिन यह ट्रेन अभी भी जाखल खड़ी है। इसी प्रकार अवध असाम एक्सप्रेस सुबह चार बजकर 29 मिनट पर जींद आती है, यह ट्रेन पंजाब के मानसा में ही खड़ी है। पठानकोट एक्सप्रेस जींद में छह बजकर 53 मिनट पर पहुंचती है लेकिन यह ट्रेन अभी तक लुधियाना ही खड़ी है। अंडेमान एक्सप्रेस जींद में 10 बजकर 45 मिनट पर पहुंचती है, जो अभी तक पंजाब के धुरी में ही खड़ी है। जींद से एक भी ट्रेन दिल्ली की तरफ अभी तक नहीं गई है।
दिल्ली में नए संसद भवन के उद्घाटन को लेकर कोई उपद्रव नहीं हो जाए, इसलिए दिल्ली जाने वाले लोगों को रोका गया है। काफी लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। सभी को चाय-पानी पिलाया जा रहा है। जब तक दिल्ली का कार्यक्रम नहीं हो जाता, यह लोग हमारे मेहमान रहेंगे। इसके बाद इनको छोड़ दिया जाएगा। -
सुमित कुमार, एसपी जींद
अंबाला में किसान-पुलिस आमने सामने
अंबाला में दिल्ली जाने की जिद पर अड़े किसान और पुलिस आमने-सामने है। अंबाला सिटी के गुरुद्वारा मंजी साहिब के बाहर किसानों और पुलिस के बीच बहस हुई, वहीं शाहपुर के पास सर्विस लेन पर किसानों की पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की वीडियो भी वायरल हुई है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की है। किसान शाहपुर व मंजी साहिब गुरुद्वारे के पास दरी बिछाकर विरोध कर रहे हैं।
छह ट्रेनें निर्धारित समय से लेट
किसानों के प्रदर्शन का असर रेल यातायात भी दिखा। करीब छह ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 6 से 7 घंटे देरी से चल रही है। हावड़ा-अमृतसर रेल एक्सप्रेस 3 घंटे, अदयान आभा एक्सप्रेस ढाई घंटे, कालका-हावड़ा नेता जी एक्सप्रेस 6 घंटे, जम्मूतवी-टाटा नगर एक्सप्रेस 8 घंटे, होशियारपुर-दिल्ली एक्सप्रेस 7 घंटे देरी से चल रही है। किसान दिल्ली न चले जाएं इसको लेकर रेलवे जीआरपी भी अलर्ट पर है। वह भी सुबह के समय ट्रेनों से गुजरने वाले लोगों पर अपनी पैनी निगाह बनाए हुए है।
पंजाब से आए किसानों को भी मंजी साहिब के बाहर रोका
शनिवार देर शाम सात बजे करीब 500 किसानों का एक दल जैसे ही अंबाला पहुंचा तो पुलिस सतर्क हो गई थी। किसानों के दल ने मंजी साहिब गुरुद्वारे में शरण ली। इस दौरान किसानों ने न जाने को लेकर भी रोष जताया था। आखिर में वह रात को अंबाला में ही रुक गए थे। रविवार सुबह दोबारा से दिल्ली के लिए कूच करने लगे थे कि पुलिस ने रोक लिया। वहीं अंबाला- राजपुरा मार्ग पर बैरिकेडिंग लगा दी गई है और भारी पुलिस दल तैनात कर दिया गया था।
एसपी बोले- भड़काने वालों पर होगी कार्रवाई
अंबाला के पुलिस अधीक्षक जश्नदीप रंधावा ने कहा आज नए संसद भवन का उद्घाटन है और कुछ संगठन द्वारा भी अपना एक कार्यक्रम वहां रखा गया है, लेकिन सुरक्षा के माध्य नजर दिल्ली के आसपास के इलाके में पुख्ता इंतजाम किए गए। एसपी ने अपील करते हुए कहा है कि जिला में कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को सहयोग करें। सार्वजनिक मार्ग अवरूद्ध करने, अफवाह फैलाने, सोशल मीडिया पर भड़काने वाली पोस्ट डालने, कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।