चंडीगढ़। नगर निगम की ओर से शुक्रवार को रोज फेस्टिवल का भव्य उद्घाटन किया गया लेकिन पहले दिन तमाम अव्यवस्था देखने को मिली। हजारों लोग गुलाबों की खूबसूरती देखने पहुंचे। इस दौरान गार्डन में लग्जरी गाडि़यां घूमतीं दिखीं। मेले में पहुंचे लोगों का कहना था कि गार्डन में किसके परमिशन से गाडि़यां अंदर आईं। ये वाहन स्टॉल पर सामान पहुंचाने वाले भी नहीं थे।
विज्ञापन
फूलों के इस महोत्सव में कई खाली क्यारियां लोगों को निराश करती रहीं। पर्यटक आनंद कुमार और नंदिता का कहना है कि बताया कि कुछ स्थानों पर एक भी गुलाब खिला नजर नहीं आया जबकि कुछ क्यारियों में गिने-चुने फूल थे। ऐसे में भीड़ उन्हीं हिस्सों में सिमट गई जहां गुलाबों की बहार थी। फोटो खिंचवाने के लिए लोग यहीं जमा हुए। दूसरी ओर, बड़ी संख्या में लगाए गए स्टॉलों में से कई को दोपहर एक बजे तक बिजली कनेक्शन नहीं मिल पाया। स्टॉल संचालकों ने संबंधित अधिकारियों से शिकायत की लेकिन समाधान में देरी हुई। बिजली न होने से कारोबार प्रभावित रहा और नुकसान की आशंका भी जताई गई।