लुधियाना के सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने बुधवार को लोकसभा में ढंढारी खुर्द में एक नाबालिग लड़की को जलाकर मार देने का मामला उठाया है। सांसद बिट्टू ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
उन्होंने संसद में कहा कि पहले लड़की का अपहरण फिर दुराचार कर उसे बेहोशी की हालत में घर छोड़ दिया गया। आरोपियों ने जमानत मिलने के बाद घर में घुस कर नाबालिग को जला दिया और बाद में उसकी चंडीगढ़ के अस्पताल में मौत हो गई। इस दिल दहला देने वाली घटना से लुधियाना ही नहीं पूरे देश को झंझोर कर रख दिया है।
सांसद बिट्टू ने अफसोस जताया कि कानून पीड़िता को न्याय दिलाने में नाकामयाब रहा है। एक नाबालिग लड़की को न बचा पाने के चलते पूरे लीगल एवं प्रशासनिक सिस्टम की कारगुजारी पर सवालिया निशान लग गया है।
प्रदेश सरकार की यही नालायकी है कि आरोपियों के मनों से कानून का डर पूरी तरह से खत्म हो गया है, तभी उन्होंने इस तरह के घिनौने अपराध को अंजाम दिया।
सांसद बिट्टू ने कहा कि प्रदेश में महिलाएं पहले से कहीं ज्यादा असुरक्षित महसूस कर रही हैं। हालत यह रही की पीड़ित परिवार न्याय के लिए थानों के चक्कर काटता रहा और बेखौफ आरोपी उसके घर में घुस कर धमकियां देते रहे, फिर भी पुलिस सुरक्षा देने में फे ल साबित हुई। सांसद बोले की पंजाब में भाजपा सरकार में भागीदार है, लेकिन इस घटना पर भाजपाई बिल्कुल चुप हैं। भाजपा को सूबा सरकार से तुरंत अपना गठबंधन तोड़ समर्थन वापस लेना चाहिए। बिट्टू ने पीड़ित परिवार की आर्थिक सहायता करने की मांग की है।