प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को देशभर के शहरों की स्वच्छता रैंकिंग जारी की। इसमें लुधियाना को दस लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों में 34वां स्थान मिला। वहीं लुधियाना निगम को इनोवेशन और बेस्ट प्रैक्टिस श्रेणी में देश में पहला स्थान मिला है। इसके लिए निगम को विशेष तौर पर सम्मानित किया जाएगा।
गौरतलब है कि जब से स्वच्छता रैकिंग शुरू हुई है तब से लेकर अब तक लुधियाना को पहली बार किसी कैटेगरी में इनाम हासिल हुआ है। इस श्रेणी में पहले नंबर पर आने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ सम्मानित किया जाना था लेकिन कोरोना के कारण इस बार इनाम को डाक के माध्यम से भेजा जाएगा। इससे पहले 2019 में लुधियाना की रैंकिग में 163वां रैंक था।
साल 2020 स्वच्छता रैंकिंग में नगर निगम लुधियाना ने अच्छा काम किया है। इस बार रैंक सुधरकर 34 हो गई है। इनोवेशन व बेस्ट प्रैक्टिस श्रेणी में लुधियाना को देश भर में पहला स्थान मिला है। इनोवेशन में लुधियाना निगम की तरफ से स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में कई अच्छे काम किए गए हैं। स्मार्ट सिटी के तहत निगम ने शहर में विभिन्न जगह पर 40 आधुनिक टॉयलेट बनाने का खाका तैयार किया था। इसमें लगभग 25 टॉयलेट्स बनकर तैयार हो चुके हैं जबकि अन्य पर काम चल रहा है। इस शौचालय में आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। इसके अलावा शहर में कचरे की मात्रा को कम करने के लिए निगम ने अच्छी पहल की है।
सबसे पहले निगम की तरफ से शहर की सभी धार्मिक संस्थाओं को इसके साथ जोड़ा गया है। यहां पर होने वाले आयोजन में पैदा होने वाले कचरे से खाद तैयार की जाती है। वहीं शहर के पार्कों में भी कचरे का प्रबंधन किया जा रहा है। इसके लिए पार्कों में गड्ढे बनाए गए हैं और इनमें ही कचरे को डाला जाता है, जिससे खाद तैयार की जाती है।
वहीं शहर के ज्यादातर बड़े होटल में भी खाद तैयार करने वाले प्लांट लगाए गए हैं। घरों से निकलने वाले कचरे को वर्गीकृत करने का काम चल रहा है। इसके भी अच्छे फायदे सामने आ रहे हैं। इन सभी बातों को ध्यान में रखते लुधियाना निगम को इनोवेशन और बेस्ट प्रैक्टिस में पहला इनाम मिला है।