पंजाब के सबसे बड़े नगर निगम लुधियाना को चुनाव नतीजे घोषित होने के 26 दिन बाद आखिरकार सोमवार को नया मेयर मिल गया। लगातार पांचवीं बार पार्षद का चुनाव जीतने वाले बलकार सिंह संधू को मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर श्याम सुंदर मल्होत्रा और सरबजीत कौर को डिप्टी मेयर चुना गया।
नगर निगम मुख्यालय जोन ए में डिविजनल कमिश्नर वीके मीना ने सबसे पहले चुने गए 95 पार्षदों को शपथ दिलाई। शपथ समारोह तीन भाषा हिंदी, अंग्रेजी और पंजाबी में हुआ। शपथ दिलाने के बाद कैबिनेट मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा और मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव कैप्टन संदीप संधू की ओर से लाए गए लिफाफे को खोला गया। इसमें मेयर समेत तीनों नाम थे।
पार्टी स्तर से उठकर करेंगे शहर का विकास : संधू
मेयर चुने जाने के बाद बलकार सिंह संधू ने कहा कि वह पार्टी स्तर से ऊपर उठकर शहर का विकास करेंगे। वह सभी पार्षदों और पदाधिकारियों के साथ मीटिंग करेंगे। इस दौरान जो मुद्दे प्रमुख होंगे उसे प्राथमिकता दी जाएगी। गौरतलब है कि 64 वर्षीय संधू ग्रेजुएट हैं और उनका डेयरी का व्यवसाय है।
जट सिख, शहीद परिवार और दलितों को किया खुश
महानगर के मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव कर कांग्रेस सरकार ने जट सिख, शहीद परिवार और दलित वोट बैंक को खुश करने की कोशिश की है। मेयर बलकार संधू जट सिख फैमिली से संबंध रखते है, जबकि सीनियर डिप्टी मेयर श्याम सुंदर मल्होत्रा शहीद परिवार से संबंध रखते हैं। जबकि वह खत्री बिरादरी से भी हैं। डिप्टी मेयर सरबजीत कौर दलित परिवार से संबंध रखती हैं।
विधायक भारत भूषण आशु की पत्नी पार्षद ममता आशु और पार्षद गुरदीप सिंह नीटू ने बलकार संधू के नाम का प्रस्ताव रखा। जिसे पूरे हाउस ने सर्वसम्मति के साथ पास कर दिया। इसके बाद सीनियर कांग्रेस नेता पार्षद जय प्रकाश और पार्षद कुलदीप जंडा ने सीनियर डिप्टी मेयर के लिए श्याम सुंदर मल्होत्रा के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे हाउस ने मान लिया। उसके बाद पार्षद हरजिंदरपाल सिंह लाली और पार्षद मनप्रीत सिंह गरेवाल ने डिप्टी मेयर के लिए सरबजीत कौर के नाम का प्रस्ताव रखा, यह भी हाउस ने मान लिया।
शपथ समारोह के मौके पर कैबिनेट मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, सांसद रवनीत सिंह बिट्टू, विधायक राकेश पांडे, भारत भूषण आशु, विधायक संजय तलवाड़, सुरिंदर डावर, डिप्टी कमिश्नर प्रदीप अग्रवाल, निगम कमिश्नर जसकिरण सिंह भी हाजिर थे। उल्लेखनीय है कि नगर निगम के 95 वार्डों की 24 फरवरी को चुनाव हुए थे। जिसका नतीजा 27 फरवरी को आया था। इस दौरान कांग्रेस ने 62 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि अकाली दल को 11, भाजपा को दस, लोक इंसाफ पार्टी को सात, आजाद को चार और आम आदमी पार्टी को एक सीट मिली थी।
नए मेयर ने की शहर वासियों को शहर साफ रखने की अपील
मेयर चुने जाने के बाद बलकार संधू ने सबसे पहले शहर के लोगों को अपील की है कि वह शहर को साफ सुथरा रखे। उन्होंने कार, बाइक पर जाने वाले लोगों को अपील की है कि वह कोई भी सामान, कूड़ा कर्कट सड़क पर चलते हुए न फेंके। अगर सारे लोग कूड़ा कर्कट कूड़ेदान में फेंकने की आदत डालेंगे तो शहर पचास फीसदी अपने आप साफ हो जाएगा।