शृंगार सिनेमा के पीछे रंजीत सिंह पार्क इलाके में मंगलवार सुबह स्लीक लाइन निटवियर इकाई में आग लग गई। तीन मंजिला इकाई में आग तेजी से फैली और करोड़ों रुपये की कीमत का तैयार-कच्चा माल और मशीनरी जलकर राख हो गई। इकाई में वुलन गारमेंट की मैन्यूफैक्चरिंग की जा रही थी। सूचना मिलने पर एक के बाद एक मौके पर पहुंची दमकल विभाग की 15 गाड़ियों ने पानी के पचास टैंकर की मदद से आग पर काबू पाया। इसमें करीब एक लाख लीटर पानी का इस्तेमाल किया गया। करीब साढ़े सात घंटे बाद दोपहर 12 बजे ही आग पर काबू पाया जा सका।
आग के कारण बिल्डिंग का कुछ हिस्सा टूट गया और दीवारों में दरारें आ गईं। आग लगने के बाद एहतियातन आसपास के घरों को खाली करा लिया गया। सूचना मिलने पर एडीसीपी रतन सिंह बराड़ और एसीपी सेंट्रल मनदीप सिंह ने मौके पर पहुंच कर हालात का जायजा लिया। उनका कहना है कि इस आग में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े पांच बजे इकाई की बिल्डिंग से धुआं निकलने लगा। उस वक्त फैक्टरी बंद थी और अंदर कोई वर्कर नहीं था। चौकीदार ने इसकी जानकारी इकाई के संचालकों और दमकल विभाग को दी। इकाई में धागा और कपड़ा होने के कारण आग तेजी से फैली। सूचना के बाद मौके पर पहुंचीं दमकल की करीब 15 गाड़ियों ने एक लाख लीटर पानी का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाया।
फायर अफसर केएल कक्कड़ ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है। अंदेशा है कि शार्ट सर्किट कारण हो सकता है, इसकी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि आग पहले निचली मंजिल में लगी और फिर पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया।