फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्राईसिटी में LPG संकट: एजेंसियों पर कतारें, होटलों ने मेन्यू बदले; प्रशासन ने जमाखोरी रोकने को बढ़ाई सख्ती

Thu, 12 Mar 2026 09:02 AM IST
Nivedita न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला की कई गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। लोगों के अनुसार गैस बुकिंग के लिए दिए गए नंबर काम नहीं कर रहे हैं या बार-बार कॉल करने पर भी जवाब नहीं मिल रहा।
विज्ञापन
गैस एजेंसी के बाहर लगी लंबी लाइनें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली में इन दिनों रसोई गैस की बुकिंग और डिलीवरी को लेकर आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में घरेलू और कॉमर्शियल एलपीजी सिलिंडरों की सप्लाई में आ रही दिक्कतों के कारण उपभोक्ताओं के साथ-साथ होटल, ढाबा और कैटरिंग कारोबारियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 
विज्ञापन


कई स्थानों पर गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं जबकि कई उपभोक्ताओं ने ऑनलाइन बुकिंग न होने और फोन न उठाए जाने की शिकायत भी की।

सप्लाई न होने से वितरण मुश्किल

चंडीगढ़ में कई गैस एजेंसियों ने कॉमर्शियल सिलिंडरों की सीमित उपलब्धता के चलते हाथ खड़े कर दिए हैं। एजेंसी संचालकों का कहना है कि कंपनियों से सिलिंडरों की नियमित सप्लाई नहीं मिल पा रही, जिसके कारण मांग के अनुसार वितरण करना मुश्किल हो रहा है। हालात यह हैं कि जिस होटल या रेस्टोरेंट को पांच सिलेंडरों की जरूरत है, उसे एक सिलेंडर से ही काम चलाना पड़ रहा है।

होटलों के मेन्यू में बदलाव

सेक्टर-35, सेक्टर-7 और सेक्टर-26 के होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के अनुसार गैस की कमी के कारण उन्हें अपने मेन्यू में बदलाव करना पड़ रहा है। कई जगहों पर उन व्यंजनों को अस्थायी रूप से हटा दिया गया है जिनमें गैस की खपत ज्यादा होती है। कुछ प्रतिष्ठानों में पीएनजी गैस की सुविधा होने के कारण फिलहाल कामकाज जारी है लेकिन एलपीजी पर निर्भर होटल और ढाबे मुश्किल में हैं।

कोयले की भट्टी और इंडक्शन का सहारा

कॉमर्शियल गैस की कमी से निपटने के लिए कई होटल और रेस्टोरेंट संचालकों ने वैकल्पिक व्यवस्था शुरू कर दी है। कुछ जगहों पर कोयले की भट्टी और इंडक्शन चूल्हों का उपयोग किया जा रहा है ताकि गैस की बचत हो सके। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों का कहना है कि गैस की सीमित उपलब्धता के कारण स्टाफ को भी गैस के उपयोग में सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

घरेलू गैस के लिए भी लंबी कतारें

घरेलू एलपीजी सिलिंडर के लिए भी कई स्थानों पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग गईं। गैस एजेंसियों का कहना है कि नए नियमों के अनुसार 25 दिन पूरे होने के बाद ही दूसरा सिलिंडर बुक कराया जा सकता है। कई उपभोक्ता इससे पहले ही बुकिंग कराने की कोशिश कर रहे हैं जिसके कारण भीड़ और भ्रम की स्थिति बन रही है।

मोहाली में बुकिंग और सप्लाई को लेकर असमंजस

मोहाली और खरड़ के कई इलाकों में भी गैस बुकिंग और डिलीवरी को लेकर लोगों ने शिकायतें की हैं। कुछ उपभोक्ताओं का कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग बार-बार प्रयास करने के बावजूद नहीं हो पा रही। वहीं कई लोगों ने गैस एजेंसियों के फोन न उठाए जाने की भी शिकायत की। हालांकि जिला प्रशासन का कहना है कि जिले में पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी की सप्लाई सामान्य है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जरूरत से ज्यादा सिलेंडर जमा न करने की अपील की है। उल्लेखनीय है कि जिले के अलग-अलग हिस्सों जीरकपुर, डेराबस्सी, खरड़, कुराली, बनूड़ में भी लोग गैस बुकिंग को लेकर परेशान हैं।

पंचकूला में पांच दिन बाद मिल रही डिलीवरी

पंचकूला जिले में भी गैस डिलीवरी में देरी की शिकायतें सामने आई हैं। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग के पांच दिन बाद सिलिंडर की डिलीवरी मिल रही है। वहीं कॉमर्शियल सिलिंडर की कमी के कारण होटल और कैटरिंग कारोबारियों का काम प्रभावित हो रहा है। कुछ कारोबारियों ने तो नई कैटरिंग बुकिंग लेना भी बंद कर दिया है। कारोबारियों का कहना है कि सीमित स्टॉक के कारण काम चलाना मुश्किल हो रहा है। कई जगहों पर ब्लैक मार्केट में कॉमर्शियल सिलिंडर महंगे दामों पर बिकने की भी चर्चा है। वहीं, कालका, पिंजौर, रायपुररानी, मोरनी, बरवाला समेत जिले के अन्य हिस्सों में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन

प्रशासन की सख्ती, गैस एजेंसियों पर पुलिस तैनात

स्थिति को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने गैस एजेंसियों पर निगरानी बढ़ा दी है। डिप्टी कमिश्नर निशांत कुमार यादव ने अधिकारियों के साथ बैठक कर जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत शहर की गैस एजेंसियों के बाहर पुलिस तैनात की जाएगी और एलपीजी के स्टॉक की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। साथ ही फूड एंड सप्लाई विभाग की टीमें गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण करेंगी ताकि ओवरचार्जिंग या अवैध भंडारण की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई हो सके। अधिकारियों ने कहा है कि यदि किसी भी स्तर पर जमाखोरी या कालाबाजारी पाई गई तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराहट में अनावश्यक बुकिंग न करें और गैस की उपलब्धता को लेकर अफवाहों से बचें ताकि जरूरतमंद उपभोक्ताओं तक सिलिंडर समय पर पहुंच सके।

ईरान–इस्राइल संघर्ष के बीच प्रशासक ने की समीक्षा बैठक

प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने ईरान–इस्राइल संघर्ष के बीच बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर की तैयारियों और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि शहर में तेल, ईंधन और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक है। प्रशासक ने कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है। उन्होंने तेल, ईंधन और एलपीजी सिलिंडरों की जमाखोरी व कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही विदेशों में फंसे चंडीगढ़ निवासियों की जानकारी परिवारों से डिप्टी कमिश्नर कार्यालय को देने की अपील की गई है ताकि आवश्यक सहायता दी जा सके।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें