फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: धनतेरस पर खूब हुई धनवर्षाः 80 करोड़ का सोना बिका, 600 से ज्यादा गाड़ियों की हुई डिलीवरी

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। धनतेरस पर शहर के बाजारों में खूब धन वर्षा हुई। शहर में सिर्फ एक दिन में लगभग 80 करोड़ का सोना खरीदा गया। 600 से ज्यादा गाड़ियों की डिलीवरी हुई। लोगों ने आभूषण, सोने-चांदी के सिक्के व मूर्तियां, इलेक्ट्रॉनिक सामान, गिफ्ट आइटम, बर्तन, मोबाइल, बाइक, कार, स्कूटी से लेकर घरेलू साज-सज्जा के सामानों की खरीदारी की। कारोबारियों ने करीब 400 करोड़ के कारोबार होने की बात कही है।
विज्ञापन

लोगों ने बाजारों में झाड़ू, दीये, पूजा के सामान, सजावटी सामान भी खरीदा। धनतेरस पर मंदिरों और घरों में भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना की गई। व्यापारियों के मुताबिक इस बार बाजार पिछले वर्षों के मुकाबले बेहतर रहा है। चांदी की खरीद भी पिछले वर्षों की तुलना में काफी अच्छी रही। त्योहार और शगुन को ध्यान में रखते हुए लोगों ने महंगाई की चिंता किए बिना दिल खोलकर खरीदारी की। सिर्फ धनतेरस के लिए खरीदारी को निकले लोगों ने आगामी 6 महीने के विशेष अवसरों को ध्यान में रखकर सोने चांदी की खरीदारी की, जिससे अचानक बिजनेस में बूम आया। शहर के ज्वेलरी व्यवसायियों का कहना है कि अच्छे रिटर्न की उम्मीद में हर किसी को यह बात समझ में आ गई है कि जितनी जल्दी सोने व चांदी की खरीद कर ली जाएगी, भविष्य में उतना ज्यादा लाभ प्राप्त होगा। इस सोच ने इस बार खरीदारों को बजट से आगे बढ़कर खरीदारी के लिए उत्साहित किया। वहीं, बर्तन बाजार में भी लगभग पिछले वर्ष के तुलना में 20 फीसदी का इजाफा दर्ज किया गया है। सबसे ज्यादा स्टील और पीतल के बर्तनों की खरीद हुई।

करीब 72 करोड़ के वाहन बिके
शहरभर में रविवार को करीब 600 कारों की डिलीवरी हुई। सबसे ज्यादा एसयूवी गाड़ियों की मांग रही। लाइट मोटर व्हीकल (एलएमवी) भी खूब बिके। वेटिंग लिस्ट पर सबसे ज्यादा मांग स्कार्पियो, थार रॉक्स, एक्सयूवी-700, न्यू ब्रेजा, टाटा नेक्सन, टाटा पंच और किया गाड़ियों की है। लोगों ने कई महीने पहले ही गाड़ियों की बुकिंग करा ली थी और धनतेरस के दिन ही डिलीवरी रखी थी। शहर के सभी गाड़ियों के शोरूम में चाबी लेने वालों की भीड़ रही। फेडरेशन ऑफ चंडीगढ़ रीजन ऑटोमोबाइल डीलर्स के प्रेसिडेंट और टाटा मोटर्स के डीलर रंजीव दहूजा ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस बार मार्केट अच्छी रही है। लोग ज्यादातर एसयूवी गाड़ियां खरीद रहे हैं। वहीं, बाइक-स्कूटी खरीदारों की भी भरमार रही।
विज्ञापन


दुकानों के बाहर इंतजार करते दिखे लोग
शुभ मुहूर्त में खरीदारी करने के लिए एक साथ बाजारों में उमड़ी लोगों की भीड़ इतनी ज्यादा हो गई कि ज्यादातर लोगों को शोरूम के बाहर भीड़ कम होने का इंतजार करना पड़ा। वहीं जिन लोगों ने इस भीड़ से बचने के लिए एडवांस बुकिंग कर रखी थी, उन्हें काफी सहूलियत हुई। बता दें कि शहर में लगभग 400 ज्वेलरी शॉप हैं। चंडीगढ़ सर्राफा एसोसिएशन के निदेशक महेंद्र खुराना ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष दाम ज्यादा होने के बावजूद बिजनेस बेहतर रहा। लोगों ने आगे बढ़कर सोना व चांदी की खरीद में रुचि दिखाई। क्योंकि उन्हें अच्छे रिटर्न की उम्मीद है। इस अवसर विशेष पर ग्राहकों को सोने चांदी के मेकिंग चार्ज के साथ ही डायमंड पर स्पेशल डिस्काउंट भी दिया गया। उन्होंने बताया कि शहर में एक दिन में लगभग 80 करोड़ का व्यवसाय हुआ है।

झाड़ू और धनिया की भी खूब हुई खरीद
धनतेरस पर सोने व चांदी और बर्तन की दुकानों के साथ जनरल स्टोर पर भी काफी भीड़ नजर आई। लोगों ने झाड़ू और खड़े धनिया की भी काफी खरीद की। लोगों का कहना है कि ऐसी मान्यता है कि धनतेरस के दिन इन चीजों की खरीद से घर में धन कुबेर और मां लक्ष्मी का आगमन होता है।

स्टील के साथ पीतल की मांग रही ज्यादा
चंडीगढ़ बर्तन एवं क्रॉकरी एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश गर्ग ने बताया कि स्टील की कीमत लगभग 15 फीसदी की बढ़ोतरी के बावजूद लोगों में खरीदारी क्रेज बरकरार रहा। पिछले वर्ष की तुलना में बर्तन बाजार भी बेहतर रहा लेकिन दो दिन धनतेरस होने के कारण एक दिन में कुल बिजनेस का आकलन करना मुश्किल है। उम्मीद है कि कल भी बाजार में काफी रौनक रहेगी। उन्होंने बताया कि धनतेरस के अवसर पर लोगों ने पूजा के लिए पीतल के बर्तन और उपहार देने या किचन में उसे के लिए सबसे ज्यादा स्टील के बर्तन खरीदे गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें