बठिंडा के महणा चौक में सोमवार सुबह कार सवार से पल्सर बाइक सवार युवकों ने लाखों रुपये से भरा लिफाफा छीन लिया। जब आरोपी फरार हो रहे थे तो कार सवार पीड़ित रिंकल कुमार निवासी डबवाली ने युवकों का पीछा कर मोहल्ले के लोगों के सहयोग से उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों का तीसरा साथी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। लोगों ने पकडे़ गए युवकों की पहले जमकर धुनाई की और उसके बाद दोनों को कपड़े से बांधकर पुलिस को सूचित कर दिया।
मोटे कमीशन के लालच में की थी वारदात
पकडे़ गए एक युवक मोहमद फरगीस ने बताया कि उनको आलम दिल्ली से बठिंडा लेकर आया था और उन्हें वारदात करने के लिए कहा था। आरोपी ने बताया कि उसे और उसके दूसरे साथी को आलम ने अच्छा कमीशन देने का झांसा देकर वारदात करवाई थी। आलम ने उनको वारदात के लिए इस्तेमाल किया था। वारदात के समय आलम भी उनके साथ मौजूद था। दूसरे आरोपी बाशीर ने बताया कि वह आलम के साथ ही तीन-चार दिन पहले बठिंडा आए थे और हमने उससे पैसे भी लेने थे।
पुलिस बोली-मामला संदिग्ध
मौके पर पहुंची थाना कोतवाली पुलिस दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने में ले गई। थाना कोतवाली के एसएचओ परमिंदर सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों के तीसरे साथी आलम की तलाश की जा रही है।