लंबित मामलों पर निदेशालय ने जताई नाराजगी, तेजी लाने के निर्देश दिए
चंडीगढ़। हरियाणा शिक्षा विभाग में लंबे समय से शिक्षकों की एसीपी रुकी हुई है। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होने के बावजूद मामलों ने गति नहीं पकड़ी है। अकेले 2680 टीजीटी अध्यापकों की एसीपी (एश्योर्ड कैरियर प्रोगेशन) लंबित है। टीजीटी अध्यापकों की ओर से मामला निदेशालय के संज्ञान में लाने के बाद अब मुख्यालय ने निर्देश दिए कि लंबित मामलों को तेजी से मुख्यालय भेजा जाए। इस संबंध में निदेशक ने सभी डीईओ और डीईईओ को पत्र भी जारी किया है।
जारी पत्र में लिखा, क्षेत्रीय कार्यालय स्तर पर 30 दिन से अधिक अवधि के मामले काफी संख्या में लंबित हैं। इसलिए लंबित मामलों पर लगे एतराज को दूर करके ऑनलाइन पोर्टल से तुरंत निदेशालय भेजें। इसके अतिरिक्त क्षेत्रीय कार्यालय पर एसीपी के मामले 15 दिन से अधिक लंबित न रखे जाएं। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ हरियाणा के प्रदेश संयोजक सुनील बास का कहना है कि कई बार अधिकारियों के संज्ञान में मामला लाया जा चुका है, लेकिन इसका कोई समाधान नहीं निकला है।