होशियारपुर लोकसभा क्षेत्र ने अभी तक हुए आम चुनावों में अधिकतर मौकों पर कांग्रेस का साथ दिया है। देश की आजादी से लेकर अब तक हुए 14 लोकसभा चुनावों में यहां से 9 बार कांग्रेस प्रत्याशी जीते हैं। भाजपा तीन (एक बार भारतीय जन संघ के नाम पर), बसपा एक तथा भारतीय लोक दल एक बार विजयी रहे हैं।
इस लोकसभा क्षेत्र को भारत के पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह और बसपा के संस्थापक कांशी राम को सांसद बनाने का गौरव हासिल है।
मौजूदा समय में यहां से कांग्रेस की संतोष चौधरी सांसद हैं। 2009 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी सोम प्रकाश को बहुत ही कम 366 वोट के अंतर से हराया था।
उस चुनाव में कांग्रेस को छह तथा भाजपा को तीन विधानसभा सीटों पर बढ़त मिली थी। संतोष चौधरी फगवाड़ा, दसूया, उड़मुड़, शाम चौरासी, होशियारपुर तथा चब्बेवाल से आगे रही थीं। श्री हरगोबिंदपुर, भुलत्थ और मुकेरियां में सोम प्रकाश की बढ़त रही।
इसके बाद 2012 में हुए विधानसभा चुनाव में हालात बदले और आंकड़ा पलट गया। अकाली-भाजपा गठबंधन को छह, जबकि कांग्रेस को तीन सीटों पर जीत हासिल हुई। मतों के अंतर का आंकड़ा भी गठबंधन के पक्ष में आ गया।
श्री हरगोबिंदपुर, भुलत्थ, फगवाड़ा, दसूया, शाम चौरासी और चब्बेवाल में गठबंधन प्रत्याशी बड़े अंतर से जीते। वहीं, मुकेरियां, उड़मुड़ और होशियारपुर में कांग्रेस प्रत्याशियों को जीत मिली। इस प्रकार 2009 और 2012 के तीन साल के अंतर में लोकसभा क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति में काफी अंतर आया।
बसपा का अच्छा-खासा जनाधार
बेशक होशियारपुर सीट पर बसपा ने शिअद के साथ चुनावी समझौते के तहत एक ही बार जीत दर्ज की, लेकिन 1989 से लेकर अब तक हुए लोकसभा व विधानसभा चुनावों में पार्टी अच्छी-खासी उपस्थिति दर्ज करवाती आई है।
बसपा सुप्रीमो मायावती भी इस सीट पर चुनाव लड़ चुकी हैं, जबकि पार्टी के संस्थापक कांशी राम 1996 में यहां से सांसद चुने गए थे।
कमल का रहा रिकॉर्ड
इस सीट से सबसे अधिक चार बार कमल चौधरी सांसद बने। उनके संबंध में एक विशेषता यह रही कि वह कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों के टिकट पर यहां से चुनाव लड़े। तीन बार कांग्रेस और एक बार भापजा प्रत्याशी के रूप में उन्हें जीत हासिल हुई।
पिछले दस लोकसभा सदस्य
वर्ष-----------------लोकसभा सदस्य-----------------पार्टी
1977-----------------बलबीर सिंह-----------------बीएलडी
1980-----------------ज्ञानी जैल सिंह-----------------कांग्रेस
1985-----------------कमल चौधरी-----------------कांग्रेस
1989-----------------कमल चौधरी-----------------कांग्रेस
1992-----------------कमल चौधरी-----------------कांग्रेस
1996-----------------कांशी राम-----------------बसपा
1998-----------------कमल चौधरी-----------------भाजपा
1999-----------------चरनजीत सिंह चन्नी-------------कांग्रेस
2004-----------------अविनाश राय खन्ना-----------------भाजपा
2009-----------------संतोष चौधरी-----------------कांग्रेस