चंडीगढ़ से बीजेपी की चुनाव उम्मीदवार किरण खेर आज सेक्टर 34 स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंची और गुरू के दर पर शीश नवाया। किरण खेर ने कीर्तन भी सुना और लंगर हॉल में जाकर प्रसाद चखा। उन्होंने चाय भी पी। गुरुद्वारा में उनके नाम से अरदास भी की गई।
किरण खेर ने बातचीत के दौरान बताया कि कोई भी काम शुरू करने से पहले रब के दर पर शीश झुकाना अच्छा होता है, क्योंकि इंसान को जो भी मिलता है वो रब की मेहर से ही मिलता है। मैं एक सरदारनी हूं, इसलिए मैं गुरुद्वारा आकर रब का शुक्रिया अदा करने आई हूं कि उन्होंने मुझे चंडीगढ़ वासियों की सेवा करने का मौका दिया।
गुरुद्वारा साहिब पहुंची किरण खेर को सिरोपा भेंट नहीं किया गया। ऐसा न करने का कारण पूछे जाने पर गुरुद्वारा प्रधान अमर सिंह ने बताया कि चुनाव का समय चल रहा है और इस समय में हम किसी भी पार्टी के उम्मीदवार को सिरोपा भेंट नहीं करेंगे।
इस मौके पर किरण खेर के साथ बीजेपी के पूर्व सांसद सत्यपाल जैन, शिरोमणि अकाली दल के प्रदेश अध्यक्ष जगजीत सिंह कंग, पार्षद मलकीत सिंह, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन व काफी संख्या में अकाली और बीजेपी कार्यकर्ता मौजूद रहे। बता दें कि भाजपा प्रत्याशी किरण खेर कल अपना चुनाव नामांकन भरेंगी।