पंजाब में अमृतसर, गुरदासपुर और होशियारपुर लोकसभा सीटों पर भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं को इंतजार खत्म नहीं हो रहा।
उम्मीद थी कि शनिवार को होने वाले पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में इन तीन सीटों पर प्रत्याशियों के नाम तय हो जाएंगे, लेकिन शनिवार को बैठक नहीं हो सकी।
अब मामला करीब एक हफ्ते के लिए लटक गया है। पंजाब भाजपा अध्यक्ष कमल शर्मा का कहना है कि पार्टी उम्मीदवारों के नाम तय करने के लिए अब अगले हफ्ते बैठक होने की उम्मीद है। संभवत: यह बैठक 13 मार्च को होगी।
प्रदेश में अकाली-भाजपा गठबंधन के बीच समझौते के तहत पंजाब की 13 में से 10 लोकसभा सीटों पर शिअद, जबकि शेष तीन सीटों पर भाजपा प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे।
शिअद अपने हिस्से की बठिंडा, संगरूर, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना, फिरोजपुर, फरीदकोट, श्री आनंदपुर साहिब, जालंधर और खडूर साहिब सीटों से अपने प्रत्याशी घोषित कर चुका है, जबकि भाजपा अपने उम्मीदवारों की घोषणा अभी नहीं कर सकी है।
इसी असमंजस की स्थिति में माना जा रहा है कि अमृतसर से अरुण जेटली के भाजपा प्रत्याशी बनाया जा सकता है जबकि मौजूदा सांसद नवजोत सिंह सिद्धू और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष कमल शर्मा सहित राजिंदर मोहन सिंह छीना, बलदेव चावला के नाम भी इस सीट से चर्चा में हैं।
गुरदासपुर से पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद खन्ना और स्वर्ण सलारिया के अलावा होशियारपुर में मुख्य संसदीय सचिव सोम प्रकाश व वन निगम के चेयरमैन विजय सांपला टिकट के लिए लाइन में हैं।