विकास के नाम पर वोट मांगने का दावा करने वालीं डॉ. नवजोत कौर सिद्धू को अमृतसर के पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक चुनावी रैली में विरोध का सामना करना पड़ा। मंच से नवजोत कौर सिद्धू बोल ही रही थी कि एक महिला उठ खड़ी हुई। कुछ लोग उसे स्टेज के पास ले गए। महिला ने डॉ. सिद्धू की तरफ इशारा करते हुए कहा कि आपने घर-घर नौकरी देने के वादा किया था।
मेरे तीन बच्चे हैं, किसी को नौकरी नहीं मिली। आपके द्वारा दिए गए फॉर्म भी भरे लेकिन कुछ नहीं हुआ। इस दौरान कुछ अन्य महिलाएं भी खड़ी हो गईं। महिलाओं ने हाथ जोड़ते हुए कहा मैडम जी, आपने कहा था कि बेटियों को फ्री शिक्षा दी जाएगी। मेरी तीन बेटियां फीस देकर पढ़ रही हैं। पेंशन बंद हो गई है। इस बीच कुछ नेताओं ने इन महिलाओं की आवाज बंद करवाने की कोशिश की।
इस महिलाओं ने कहा कि उन्हें अपनी बात कहने का मौका दिया जाए। महिलाओं ने कहा कि घर में पानी तक नहीं आता, वोट लेने हैं तो उनकी मांगें स्वीकार की जाएं। डॉ. सिद्धू ने कहा कि सरकार ने बीआरटीएस प्रोजेक्ट में कई युवाओं को नौकरी देनी है। पेंशन का काम भी जल्दी शुरू हो जाएगा। इस बीच महिलाओं की भीड़ जमा हो गई। चुनाव प्रचार में बड़े-बड़े दावे कर रही डॉ. सिद्धू के पास इन महिलाओं के सवालों का कोई भी उत्तर नहीं था।