सुखबीर बादल और हरसिमरत कौर बादल
- फोटो : facebook
शिरोमणि अकाली दल ने बची दोनों सीटों को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल अपनी परंपरागत सीट बठिंडा से लड़ेंगी जबकि पार्टी प्रधान सुखबीर बादल फिरोजपुर से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी के सरपरस्त प्रकाश सिंह बादल ने इसका एलान किया।
शिअद प्रवक्ता डॉ. दलजीत चीमा ने बताया कि फिरोजपुर हलके के तमाम विधानसभा क्षेत्रों के इंचार्ज और वर्कर दबाव डाल रहे थे कि सुखबीर खुद वहां से लड़ें। इसके बाद सुखबीर ने कोर कमेटी और अन्य नेताओं से राय ली थी। कोर कमेटी का मानना था कि उनके चुनाव लड़ने से पूरे पंजाब में वर्करों में जोश भरेगा।
सोमवार शाम पूर्व सीएम बादल ने सोमवार शाम फिर फिरोजपुर के वर्करों से फीडबैक लिया। इसके बाद सुखबीर को लड़ाने का फैसला किया गया। वहीं, बठिंडा में भी वर्करों की भावनाओं को देखते हुए हरसिमरत कौर बादल को लड़ाने का फैसला किया गया। हाल ही में शिअद में शामिल हुए पूर्व कांग्रेसी सांसद जगमीत बराड़ के दोनों सीटों पर प्रभाव का भी पार्टी को फायदा मिलेगा।
गौरतलब है कि कांग्रेस ने हाल ही में इन दोनों सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं। बठिंडा से गिदड़बाहा के विधायक अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को टिकट दिया गया है। वहीं शिअद छोड़ कर आए शेर सिंह घुबाया को फिरोजपुर से टिकट दिया गया है। घुबाया का तो कांग्रेसी ही विरोध कर रहे हैं।
26 को करेंगे नामांकन
सुखबीर बादल और हरसिमरत कौर बादल 26 अप्रैल को नामांकन भरेंगे। उससे पहले दोनों हरमंदिर साहिब जाकर माथा टेकेंगे। शिअद प्रधान के सियासी सलाहकार चरनजीत सिंह बराड़ ने बताया कि पार्टी के अधिकतर उम्मीदवार 26 को ही नामांकन दाखिल करेंगे। इनमें जगीर कौर, चरनजीत अटवाल, महेश इंदर ग्रेवाल, गुलजार सिंह रणिके और सुरजीत सिंह रखड़ा शामिल हैं। दरबारा सिंह गुरु 25 और परमिंदर ढींडसा और प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा 29 को नामांकन भरेंगे।