मूलभूत सुविधाएं न मिलने से लोग नाराज हैं कि उन्होंने खुद साफ-सफाई की और फिर बोर्ड पर लिखकर लगाया कि वोट मांग कर हमें शर्मिंदा न करें। पंजाब के पठानकोट में वार्ड नंबर 45 में यह मामला देखने को मिला। लक्ष्मी गार्डन कॉलोनी ढ़ाकी के लोगों ने वार्ड में खुद सफाई करवाई।
सड़क किनारे रेत और मिट्टी डालकर उनके ऊपर बैंच लगा दिए। साथ ही बोर्ड भी लिखकर लगा दिया कि कृप्या वोट मांग कर शर्मिंदा ना करें। ऐसे में वार्ड के लोगों ने लोकसभा चुनाव में वोटिंग का बायकॉट किया है। लक्ष्मी गार्डन कॉलोनी निवासियों ने कहा कि नेता लोग सिर्फ चुनाव के दौरान नजर आते हैं।
वार्ड में यूबीडीसी नहर किनारे 20 साल पुराना कचरे का ढेर था। वार्ड के पार्षद और विधायक दोनों को इस बारे बताया, लेकिन कोई हल नहीं निकाला गया। अब लोगों ने पैसे इकट्ठे करके वहां मिट्टी और रेत का प्लेटफार्म बनाकर सैर करने वाले लोगों के लिए बैंच लगवा दिए हैं, ताकि बुजुर्ग लोग नहर किनारे बैठ सकें।