लोकसभा चुनाव 2019 जीतने के लिए फरीदकोट में बादल पिता और पुत्र के लिए प्रचार करना एक बड़ी चुनौती बन गया है और इसकी वजह है बेअदबी कांड। शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल शनिवार को मोगा में वर्कर मीटिंग को संबोधित करने के लिए पहुंचे। कोटकपूरा बाईपास पर स्थित एक पैलेस में रखी गई बैठक में सुखबीर बादल तय समय से लगभग एक घंटा देरी से पहुंचे।
इस दौरान सुखबीर ने मीडिया से दूरी बनाई रखी। पत्रकारों का मुख्य सवाल था कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल या फिर सुखबीर बादल फरीदकोट में प्रचार करने जाएंगे या नहीं। इस सवाल का जवाब न देते हुए सुखबीर बादल ने सिक्योरिटी को इशारा कर पत्रकारों को एक साइड करने के लिए कह दिया। फरीदकोट में इस समय श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी का मुद्दा अकाली दल पर हावी हो रहा है।
अकाली दल के प्रत्याशी गुलजार सिंह रणिके का कई गांवों में विरोध हो रहा है। बेशक प्रकाश सिंह बादल फरीदकोट के वोटरों से अपील कर चुके हैं कि काली झंडियां दिखाकर विरोध करना ठीक नहीं, इससे बेहतर वह उन्हें वोट न दें। लेकिन रणिके के हक में प्रचार करने के लिए न तो सुखबीर फरीदकोट जा रहे हैं और न ही बड़े बादल यह जोखिम उठाने को तैयार है।