प्रदेश कांग्रेस में करनाल, सोनीपत, फरीदाबाद, हिसार व गुरुग्राम सीट पर बेहतर उम्मीदवार उतारने को लेकर पेच फंसा हुआ है। सोनीपत-फरीदाबाद से पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा का नाम भी चर्चा में है। जबकि, फरीदाबाद सीट पर भाजपा से कांग्रेस में आए अवतार सिंह भड़ाना भी सशक्त दावेदार हैं। गुरुग्राम में कैप्टन अजय यादव चुनाव लड़ने का मन बना चुके हैं। हिसार में सुई कुलदीप बिश्नोई और उनके बेटे भव्य बिश्नोई पर अटकी हुई है। कांग्रेस कुलदीप को उतारना चाह रही है तो वे अपने बेटे को। करनाल में कुलदीप शर्मा की ना के बाद मराठा बीरेंद्र व वीरेंद्र राठौर ही दावेदार हैं। सोनीपत में कांग्रेस ने पिछली बार जगबीर मलिक को उतारा था, इस बार नए चेहरे पर दांव खेलने की तैयारी है।
पांच नाम तय, भाजपा के बाद अब कांग्रेस की बारी
भाजपा दस में से आठ सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार चुकी है। हिसार और रोहतक सीट पर उम्मीदवारों की तलाश जारी है। भाजपा ने उम्मीदवार घोषित करने में बाजी मारी है, अब कांग्रेस अपने पत्ते खोलेगी। कांग्रेस अंबाला सीट पर कुमारी सैलजा, कुरुक्षेत्र में नवीन जिंदल, सिरसा में अशोक तंवर, रोहतक में सांसद दीपेंद्र हुड्डा, भिवानी-महेंद्रगढ़ में श्रुति चौधरी को उतारेगी। प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद बस यात्रा के दौरान इसकी घोषणा भी कर चुके हैं।