स्वच्छ शक्ति सम्मेलन में मंगलवार को कुरुक्षेत्र पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत राजकीय विद्यालय, देवीदासपुरा की छात्राओं ने किया। ये सभी छात्राएं सामान्य परिवारों की हैं। शायद इसीलिए जब रेहड़ी पर फल विक्रेता निसार की बेटी सानिया मोदी से मिली तो बेहद भावुक हो गई। वहीं उत्तर प्रदेश के बदायुं के श्रमिक नानू राम की बेटी ने बताया कि वह इस समय यहां पीएम और सीएम का स्वागत कर रही हैं जबकि वहां गांव में उसके पिता शौचालय बनाने के काम में जुटे हुए हैं।
इसी प्रकार से शिवानी, भारती, स्वाती, प्रिया, धनवती भी अतिथिगणों का स्वागत कर चहकती नजर आईं। इन छात्राओं की अध्यापिकाओं इंदु कौशिक, सीमा व रेखा ने एक सप्ताह में इन बेटियों को पीएम व सीएम के स्वागत के लिए तैयारियां करवाई। जिसके बाद मंगलवार को इन बेटियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री मनोहर लाल समेत मंचासीन लोगों का स्वागत किया।
मोदी ने सानिया को दी शाबसी
मंच पर प्रधानमंत्री मोदी को स्वागत कर वापस लौटी सानिया ने कहा कि जब उसने प्रधानमंत्री का स्वागत किया तो उन्होंने नाम पूछने के साथ आयोजन के बारे में पूछा। सानिया ने कहा कि मेरे उत्तर की उन्होंने सराहना की। सानिया ने बताया कि उसके पिता जिंदल चौक पर फ्रूट बेचते हैं। वे पांच-भाई बहन हैं। उनके परिवार में मोदी जी को पसंद किया जाता है।
बेटी पीएम कर रही थी स्वागत, पिता बना रहे थे शौचालय
प्रिया ने बताया कि उसके पिता मजदूरी करते हैं। वे आज यूपी के बदायूं स्थित पैतृक घर में शौचालय बनवाने गए हैं। उन्हें नहीं पता है कि वह आज यहां पीएम-सीएम का स्वागत कर रही है। उसके लिए यह काफी खुशी की बात है। उसकी मां व परिवार के लोग काफी खुश होंगे।