गुस्से को लेकर हमेशा चर्चा में रहने वाली हेमा मालिनी को जींद दौरे पर भी कई बार गुस्से में नजर आईं। इससे लोग भी असहज नजर आए। दरअसल एकलव्य स्टेडियम में उनका हेलिकॉप्टर उतरते ही एक युवक ने सेल्फी लेने का प्रयास किया। इस पर हेमा मालिनी ने युवक को हड़काते हुए बदतमीज तक कह डाला।
वहीं जब वे मंच पर आईं तो एक युवक ने उनके साथ सेल्फी लेने का प्रयास किया। इस पर हेमा मालिनी ने युवक को धक्का देकर दूर कर दिया। जब हेमा मालिनी मंच पर पहुंची तो लोग उनकी फोटो लेने लगे। इस पर उन्होंने सुरक्षा कर्मियों से लोगों को मंच के पास से हटाने के लिए कहा।
दस मिनट का भाषण, सवा दो घंटे इंतजार
लोगों को हेमा मालिनी के कार्यक्रम की सूचना सुबह 11 बजे की दी गई थी। ऐसे में गर्मी के बावजूद काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता 11 बजे से पहले ही टाउन हॉल पहुंच गए, लेकिन मंच से बार-बार हेमा मालिनी के आने की घोषणा होती रही। वे दोपहर बाद 1:20 बजे सभा स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने अपने भाषण में भी गर्मी का जिक्र किया और दस मिनट में ही भाषण निपटा दिया।
अब मेरी पहचान फिल्मी नहीं भाजपा नेता की है
हेमा मालिनी ने कहा कि उन्हें भाजपा के साथ अपने आप पर गर्व हो रहा है। उन्होंने काफी लंबे समय तक फिल्मों में काम किया, इसलिए लोग उन्हें फिल्म अभिनेत्री के तौर पर जानते थे, लेकिन अब उनकी पहचान फिल्मी नहीं नेता की है।