मुख्यमंत्री मनोहर लाल हिसार पहुंचे। अक्सर निजी कार्यक्रमों से परहेज करने वाले मुख्यमंत्री ने इस बार किसी को निराश नहीं किया। पार्षद से लेकर पूर्व मंत्रियों तक के घरों पर आयोजित कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री शामिल हुए। देर रात तक उन्होंने 12 कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। सबसे पहले मुख्यमंत्री ऑटो मार्केट की विश्वकर्मा धर्मशाला में आयोजित अभिनंदन समारोह में पहुंचे।
यहां ऑटो मार्केट एसोसिएशन ने उनका अभिनंदन किया। प्रत्येक जगह मुख्यमंत्री ने नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने के लिए जनता से समर्थन मांगा। उन्होंने 23 मई-कांग्रेस गई का नारा देते हुए कहा कि 23 मई को चुनाव नतीजों के साथ ही कांग्रेस चली जाएगी। एक बार फिर मोदी देश की बागडोर संभालेंगे और देश प्रगति पथ पर अग्रसर होगा।
पूर्व मंत्री हरिसिंह सैनी और महाजन परिवार को ज्वाइन करवाई भाजपा
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पूर्व मंत्री हरिसिंह सैनी और पूर्व मंत्री स्व. ओमप्रकाश महाजन के परिवार को उनके घर जाकर भाजपा ज्वाइन करवाई। हरिसिंह सैनी के लिए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह तो लंबे समय से भाजपा में आने का मन बना चुके थे। बीच-बीच में उन्होंने हमारी सहायता भी की। मगर पार्टी में शामिल होने का अब मुहूर्त निकला है।
यह भी अच्छी बात है। इसी तरह उन्होंने पूर्व मंत्री स्व. ओमप्रकाश महाजन के पुत्र प्रद्युम्न महाजन व पौत्र लोकेश महाजन के सेक्टर-14 स्थित निवास पर जाकर उन्हें पटका पहनाकर भाजपा में शामिल किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनावी माहौल है, देश भर में एक ही आवाज है, मोदी दोबारा आएगा।