जेल में कैद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम से वोट मांगने के सवाल पर बीजेपी के पंजाब प्रधान श्वेत मलिक ने ऐसा जवाब दिया, सुनकर चुप रह गए सभी। श्वेत मलिक का कहना है कि जिसके पास वोट है, चाहे वह जेल में बंद हो, हम उससे वोट जरूर मांगेंगे। मलिक रविवार को जालंधर में थे और डेरा मुखी गुरमीत राम रहीम से इस साल लोकसभा चुनाव में पिछली बार की तरह समर्थन मांगने के सवाल का जवाब दे रहे थे।
रविवार को जालंधर पहुंचने पर महासचिव राकेश राठौर और जिला प्रधान रमेश पब्बी ने श्वेत मलिक का स्वागत किया। इस दौरान पत्रकारों ने पूछा कि भाजपा ने 2014 और 2017 में डेरा सच्चा सौदा से चुनावों में समर्थन लिया था क्या 2019 में भी भाजपा डेरा से समर्थन लेगी। इस पर मलिक ने कहा कि हमें उससे वोट मांगने का पूरा हक है, जिसका वोट बना हुआ है। चाहे वह जेल में बंद हो या फौजी या कोई एनआरआई।
अकाली भाजपा सरकार के दौरान गुरमीत राम रहीम पर दर्ज आपराधिक केस की कैंसलेशन पुलिस ने बनाकर कोर्ट भेजी थी। क्या अकाली भाजपा सरकार का समर्थन डेरा सच्चा सौदा को रहा। इस पर मलिक चुप्पी साध गए। दरअसल, अकाली भाजपा सरकार के दौरान 2007 में गुरमीत राम रहीम पर सिखों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का केस दर्ज हुआ था लेकिन पंजाब सरकार ने उसका चालान कोर्ट में पेश नहीं किया।
2012 के विधानसभा चुनाव से पहले अदालत में केस कैंसल करने की सिफारिश कर दी। पंजाब में सिख जत्थेबंदियां पिछले दो दिन से यह बात उठा रही है कि अगर छत्रपति हत्याकांड और साध्वी रेप कांड में गुरमीत राम रहीम को सजा हो सकती है तो पंजाब सरकार व पुलिस ने राम रहीम के केसों को कैंसल क्यों किया। इस मामले में भाजपा पूरी तरह से बैकफुट पर है।