पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कोरोना संक्रमित पंजाब यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर की हालत में काफी सुधार है। इसलिए उन्हें बुधवार को जनरल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। हालांकि उन्हें अभी भी सांस लेने में दिक्कत है, लेकिन स्थिति पहले से बेहतर है।
वेंटीलेटर हटाने के बाद उन्हें जरूरत पड़ने पर ही ऑक्सीजन दी जा रही है। पीजीआई प्रवक्ता के मुताबिक, प्रोफेसर की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है। उन्हें जल्द ही हॉस्पिटल से छुट्टी भी दी जा सकती है। जबकि तीन अन्य मरीज भी वीरवार को डिस्चार्ज होंगे। प्रोफेसर की कोरोना पॉजिटिव बच्ची की हालत भी ठीक है।
नहीं आया कोई नया केस चंडीगढ़ में
बुधवार को भी कोरोना पॉजिटिव कोई नया केस नहीं आया है। शहर में अब तक 21 पॉजिटिव केसों में से नौ ठीक होकर घर जा चुके हैं। वहीं अब तक 319 मरीजों के सैंपलों की जांच में से 293 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। चार मरीजों की रिपोर्ट आने का इंतजार है।
कोरोना के डर से मृतक का कराया टेस्ट
वहीं सेक्टर 37 में 60 साल के बुजुर्ग की डायबिटीज, हाइपरटेंशन और उसे पैरालाइसिस का अटैक पड़ने पर उसके परिवार के लोग मंगलवार सुबह जीएमएसएच-16 इमरजेंसी में लेकर आए थे। लेकिन वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने बताया कि मरीज ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया था।
लिहाजा उन्हें ब्रॉड डेड घोषित कर दिया था लेकिन परिवार के लोगों द्वारा कोरोना का संदेह होने पर मृत बुजुर्ग का कोरोना टेस्ट करने को कहा। इस पर हेल्थ डिपाटर्मेंट ने उनका सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया है अभी तक उक्त डेडबाडी के सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार है।