चंडीगढ़। 4820 डार्क स्पॉट पर नगर निगम अगले माह से लाइटें लगाने का काम शुरू कर देगा। निगम की ओर से की गई निविदा में पांच कंपनियां सामने आई हैं, जिनका टेक्निकल वैल्यूएशन चल रहा है। इसके बाद जो कंपनियां बचेंगी, उनकी फाइनेंशियल बिड खोली जाएगी। निगम के अधिकारियों का कहना है कि अगले सप्ताह में निविदा देकर इस माह से काम शुरू करवा देंगे।
एक्सईएन कुलदीप सिंह ने बताया कि वी थ्री, फोर, सिक्स, फाइव रोड पर कुल 4820 डार्क स्पॉट हैं, जहां 2.5 करोड़ रुपये की लागत से लाइटें लगनी हैं। इसके लिए जेम पोर्टल पर निविदा जारी करने के बाद पांच कंपनियां आई थीं। पांचों कंपनियों के फिलहाल दस्तावेज चेक किए जा रहे हैं। उनकी क्षमता के बारे में जानकारी ली जा रही है, उसके बाद फाइनेंशियल बिड खोली जाएगी। सबसे कम रेट वाली कंपनी को निविदा दी जाएगी। सभी जगह बिजली के पोल लग गए हैं, कंपनी को बस लाइटें लगानी हैं। लाइट न लगी होने के कारण लोगों को रात के समय काफी दिक्कत होती है। खासकर सर्दियों में धुंध के कारण यह समस्या और बढ़ जाती है, इसलिए ये लाइटें जल्द लगाना जरूरी था।
एक्सईएन ने बताया कि 3 जनवरी तक कंपनियों से आवेदन मांगे थे, लेकिन इस दौरान कम कंपनियों के आने से इसे 11 जनवरी तक बढ़ा दिया गया। अब अधिक कंपनियों के आने से निगम के पास मजबूत विकल्प हो गए हैं। पांच कंपनियों में एस्कॉर्ट इंडिया, सूर्या रोशनी लिमिटेड, अरुण इलेक्ट्रिकल, एस्को स्विच गियर प्राइवेट लिमिटेड, लीगेरो प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं।