पंचकूला में पेंटिंग कंपीटिशन, बेबी शो और मेंटल मैथ्स क्विज के साथ-साथ बच्चों की गतिविधियों ने अभिभावकों और टीचर्स का दिल जीत लिया।
नन्हे-मुन्नों के हाथ में पेंट ब्रश और उनकी सृजनात्मकता का बेहतरीन नमूना दिखा।
यह नजारा सेक्टर दो स्थित एसएमडी लिटिल चैंप स्कूल में दिखा, जिसमें ट्राइसिटी के करीब 125 नन्हें-मुन्नों ने भाग लिया।
जज दंत चिकित्सक डा. कविता शर्मा, पंचकूला स्थित आर्ट आफ लिविंग की संयोजिका चित्रालेखा शर्मा और कर्नल अमित विग ने उत्कृष्ट बच्चों का चयन किया।
इन बच्चों को स्थानीय पार्षद ममता मित्तल ने पुरस्कृत किया। वहीं, स्कूल के निदेशक नरेश गुप्ता ने बच्चों को प्रोत्साहित किया।
जोया सिंह बेस्ट बेबी
बेबी शो में जोया सिंह को दो साल तक की कैटेगरी में बेस्ट बेबी के खिताब से नवाजा गया, जबकि दो से चार साल आयु वर्ग में खुशी ने बाजी मारी।
चार से छह साल आयु वर्ग में खिताब आयना के नाम रहा। मेंटल मैथ्स क्विज में डीसी मोंटेसरी स्कूल मनीमाजरा की पूर्णिमा मदान प्रथम रही, जबकि सेक्टर नौ स्थित सोपिंस स्कूल की इशिका गोयल को दूसरा और सेंट सोल्जर स्कूल चंडीगढ़ के आयुष जिंदल को तीसरा स्थान मिला।
पेंटिंग में भी कड़ा मुकाबला
पेंटिंग कंपीटिशन में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पांच वर्ष तक के आयु वर्ग में मानव मंगल स्कूल सेक्टर-11 के करम सिंह को प्रथम पुरस्कार मिला, जबकि सेक्टर-20 के गुरुकुल स्कूल के तेजन को दूसरा और हंसराज पब्लिक स्कूल की अरना को तीसरा इनाम मिला।
पांच से 10 वर्ष आयु वर्ग में गुरुकुल स्कूल के तनिषी गर्ग ने प्रथम पुरस्कार जीता, जबकि सेक्टर-15 स्थ्ति न्यू इंडिया स्कूल की रवीना ने दूसरा पुरस्कार जीता। मनीमाजरा स्थित डीसी मांटेसरी स्कूल की पूर्णिमा को तीसरा स्थान मिला।