सिटी ब्यूटीफुल के रंगमंच की जड़ टैगोर थियेटर सोसायटी सेक्टर-18 का अब अपना ‘टैगोर थियेटर रिपेटरी’ ग्रुप होगा, जिसमें सिटी के रंगमंच के कलाकारों को हर नाटक के लिए मेहनताना दिया जाएगा। साथ ही उन्हें नामी थियेटर निदेशक के साथ काम करने का मौका भी मिलेगा।
यह ग्रुप जल्द ही अपने पहले नाटक का निर्माण करेगा, जिसका निर्देशक मशहूर रंगमंच निदेशिका पद्मश्री नीलम मान सिंह करेंगी। टैगोर थियेटर के निदेशक कुलदीप शर्मा ने बताया कि शहर के कलाकारों के लिए यह पहली बार हुआ है, जब उनके लिए टैगोर थियेटर रिपेटरी ग्रुप बनाया जा रहा है।
इस ग्रुप में अनुभवी कलाकारों का चयनित सोसायटी का पैनल और नाटक निर्देशक अपने नाटक के अनुसार करेंगे। जिसके लिए सोसायटी ने ट्राइसिटी के कलाकारों से आवेदन भी मांगे हैं। वे 15 सितंबर तक टैगोर थियेटर में अपनी तमाम जानकारी फोटो सहित दे सकते हैं।
नाटक की होगी 200 रुपये टिकट
इस ग्रुप की ओर से प्रस्तुत किया जाने वाले हर नाटक की 200 रुपये टिकट लगाई जाएगी। यूटी प्रशासन ने इससे पहले भी नाटक के लिए 100 रुपये टिकट लगाने का प्रयास किया था, लेकिन उस समय सफल नहीं हो पाया था। निदेशक कुलदीप शर्मा ने बताया कि दर्शक फिल्में भी टिकट खरीद कर देखते हैं तो रंगमंच क्यों नहीं।
200 रुपये बहुत ही कम रकम हैं। निदेशक ने बताया कि इस ग्रुप में तीन श्रेणी पर आर्टिस्ट का चयन होगा। इसमें डांस, संगीत और एक्टिंग में कलाकारों का चयन किया जाएगा। साथ ही इसमें कलाकारों के अनुभव से भी उनको प्राथमिकता दी जाएगी। ग्रुप के कलाकारों को रिहर्सल के लिए 75 रुपये प्रति और नाटक के लिए 1500 से तीन हजार रुपये दिए जाएंगे।
ग्रुप बनने से दो फायदे होंगे, एक बड़े निदेशकों के साथ काम करने का मौका मिलेगा और चंडीगढ़ में अच्छे लेवल पर नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे। जिसमें कलाकारों को खर्चे का डर नहीं होगा। यह कलाकारों के लिए बेहद फायदेमंद होगा।
जुल्फिकार खान, निदेशक, थियेटर ऐज
यह ग्रुप निदेशक और कलाकार के लिए बेहद अच्छा है। शहर के थियेटर कलाकारों में अनुशासन आएगा, जो पैसे की कमी की वजह से रंगमंच की रिहर्सल पर नहीं पहुंच पाते हैं। साथ ही इससे कलाकार के अभिनय में सुधार आएगा, क्योंकि उन्हें पता है उनके अभिनय को नाम मिलेगा।
डॉ. साहिब सिंह, निदेशक, अदाकार मंच