चंडीगढ़। शहर में बीते कुछ दिनों से बिजली की काफी समस्या है। हल्की बारिश और हवा के झोंके से भी शहर के कई इलाकों में बिजली गुल हो जा रही है। लोग शिकायत नंबरों पर फोन मिलाते रह जाते हैं, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलता। शुक्रवार रात भी बारिश के चलते शहर के कई सेक्टरों में बिजली की सप्लाई बंद रही, जिसकी वजह से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कॉलोनियों में हालात अधिक खराब हैं। वहां पर रात के समय कई घंटे बिजली बाधित होने के चलते लोगों को बिना बिजली के ही रात गुजारनी पड़ रही है। बिजली जाने के बाद लोग विभाग के हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत करते रहते हैं, लेकिन वहां से कोई जवाब नहीं आता है। वीरवार को भी कई सेक्टरों में बिजली गुल रही थी और शुक्रवार रात भी इसमें सुधार नहीं हुआ। सेक्टर-45 निवासी कमलेश्वर ने बताया कि वह विभाग के हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत के लिए कॉल करते रहते हैं, लेकिन वहां से कोई जवाब नहीं आता है। पिछली बार जब तेज बारिश हुई थी तो उन्होंने 16 बार कॉल की, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि आधे से एक घंटे के लिए बिजली बाधित होना तो अब आम बात हो गई है। शहर में इससे पहले ऐसी स्थिति कभी भी देखने को नहीं मिली। शुक्रवार को सेक्टर-39, 41, 45, 47, राम दरबार, इंदिरा कॉलोनी समेत अन्य कई सेक्टरों में बिजली बाधित रही है। इंदिरा कॉलोनी निवासी अरविंद दुबे ने बताया कि शुक्रवार को बारिश शुरू होने के साथ ही बिजली गुल हो गई थी, जो सुबह 4.30 बजे जाकर बहाल हुई। उन्होंने कहा कि विभाग समाधान के लिए कोई प्रयास नहीं कर रहा है। कई बार इसे लेकर वह शिकायत दे चुके हैं, लेकिन कोई सुधार नहीं हो रहा है। सेक्टर-39 के रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान अमरदीप सिंह ने कहा कि उनके यहां भी आधे से एक घंटे के लिए बीच बिजली गुल होना, अब रोजाना की बात हो गई है। बारिश आते ही बिजली गुल हो जाती है, जबकि कई बार प्रशासन के अधिकारियों के समक्ष वह इस मुद्दे को उठा चुके हैं।