चंडीगढ़। सिटी ब्युटीफुल में रविवार को जिंदगी पटरी पर लौटती नजर आई। शहर के सभी बाजार और दुकानें पहले ही तरह खुल गईं। कुछ इलाकों को छोड़ दिया जाए तो शहर के ज्यादातर हिस्सों में स्ट्रीट लाइट पहले की तरह जलने लगी।
मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक सिग्नल काम करने लगा। वहीं, शहर के चौकों पर लगीं हाई मास्ट लाइटें बंद रहीं। सुखना लेक से लेकर रोज गॉर्डन और शहर के अन्य पर्यटन स्थलों का लोगों ने आनंद लिया। सेक्टर-17, 19, 22 की मार्केट के अलावा शोरूमों और मॉल में लोगों खरीदारी की।
डीसी निशांत यादव ने रविवार शाम को अपने आदेश में बताया कि शनिवार को ही ब्लैक आउट हटा दिया गया था। दुकान, बाजार और वाणिज्यिक प्रतिष्ठान सामान्य दिनों की तरह खुले रह सकते हैं। क्लब से लेकर मल्टीप्लेक्स तक देर रात तक खुले रहे। हालांकि, एयरपोर्ट को लेकर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। उड़ानें शुरू होने पर सोमवार को फैसला आ सकता है। इसके अलावा डॉक्टरों, कर्मचारियों की छुट्टियों और स्कूलों-कॉलेजों के खुलने पर भी सोमवार को तय होगा।
सुखना लेक पर रविवार शाम को सैर करने वाले लोगों के साथ पर्यटकों ने बोटिंग का आनंद लिया। पिछले चार दिनों के मुकाबले अच्छी भीड़ नजर आई। भारत-पाकिस्तान में तनाव के बीच सुखना लेक पर पिछले तीन दिनों से पर्यटकों की संख्या घट गई थी। आठ और नौ मई ब्लैकआउट होने के बाद शाम छह बजे के बाद सुखना लेक पर कोई नजर नहीं आ रहा था। रविवार की शाम एक बार फिर नजारा बदला नजर आया। लोग परिवार और दोस्तों के साथ पहुंचे हुए थे।