एक व्यक्ति ने राष्ट्रपति और सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस को पत्र लिखकर परिवार सहित आत्महत्या करने की मंजूरी मांगी। मामला हरियाणा के यमुनानगर के फर्कपुर थाना क्षेत्र की गीता कॉलोनी का है।
यहां के निवासी सुरेश कुमार सैनी ने चीफ जस्टिस व राष्ट्रपति को ज्ञापन शिकायत भेज परिवार सहित आत्महत्या करने की मंजूरी देने की मांग की। सैनी ने यह शिकायत जिले में बढ़ते क्राइम की शिकायत सीएम को करने के बाद पुलिस द्वारा सही जांच न करने पर दी। शिकायत की एक-एक कॉपी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय ग्रह मंत्री, गवर्नर हरियाणा को भी भेजी है।
राष्ट्रपति को भेजी शिकायत में सुरेश सैनी ने कहा कि जिले में लगातार बढ़ रहे अपराध के खिलाफ उसने आवाज उठाई थी। इस संबंध में उसने जनवरी व फरवरी, 2012 में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री से शिकायत की थी। साथ ही विभिन्न समाचारों पत्रों की कटिंग मुख्यमंत्री को भेजी थी। तब मुख्यमंत्री ने तत्कालीन डीएसपी हेडक्वार्टर को इसकी जांच सौंपी थी।