जनमार्ग पर लेनिंग सिस्टम की अलग अलग परिभाषा है जिस कारण शहरवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन की ओर से जो इस लेनिंग सिस्टम के लिए सूचना बोर्ड लगाए गए है उसके अनुसार येलो लाइन (लेफ्ट साइड) पर बस, हैवी व्हीकल, इमरजेंसी व्हीकल और टैक्सी चल सकती है और अन्य बाकी बची दो लेन में दूसरे वाहन चल सकते है।
वहीं ट्रैफिक पुलिस की ओर से जो विज्ञापन जारी कर जागरूक किया जा रहा है, उसके अनुसार हैवी व्हीकल, आपातकालीन वाहन और टैक्सी किसी भी लेन में चल सकती है और येलो लाइन के अलावा बाकी बची दो लेन आम लोगों के वाहन और दोपहिया वाहन के लिए है।
अब इसे लेकर चालकों में असमंजस की स्थिति है और ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी इससे अंजान हैं। इस कारण पुलिसवाले कुछ टैक्सी चालकों का चालान भी कर चुके हैं।
पुलिस कर्मचारियों को भी जानकारी नहीं
जनमार्ग पर लेनिंग सिस्टम लागू करवाने के लिए जो पुलिस कर्मचारी चालान काटने के लिए तैनात हैं, उन्हें भी ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार लागू नए नियम की जानकारी नहीं है।
अमर उजाला ने जब नाके पर तैनात कर्मचारियों से पूछा तो उन्होंने भी यही कहा कि येलो लाइन में (लेफ्ट साइड) बस, हैवी व्हीकल, आपातकालीन गाड़ी और टैक्सी चल सकते हैं।
जब उनसे पूछा गया कि अगर हैवी व्हीकल एवं टैक्सी दूसरी लेन में चले तो क्या होगा तो पुलिस कर्मचारी ने फट से जवाब दिया कि चालान काटा जाएगा।
रोड सेफ्टी काउंसिल ने तय की है गाइडलाइन
हाईकोर्ट के आदेश पर रोड सेफ्टी काउंसिल ने जनमार्ग (क्रिकेट स्टेडियम से लेकर हाईकोर्ट चौराहे तक) के दोनो तरफ लेनिंग सिस्टम की गाइडलाइन जारी की है।
गाइडलाइन के मुताबिक बसें सबसे बाईं तरफ की लेन में चलेंगीभारी वाहन, टैक्सियां और आपातकालीन वाहन तीनों लेनों में से किसी पर भी चल सकते हैंअन्य सभी वाहन केवल मध्य और सबसे दाईं लेन में चलेंगे।यह है सूचना बोर्ड में
येलो लाइन (लेफ्ट साइड) पर बस, हैवी व्हीकल, इमरजेंसी व्हीकल और टैक्सी चल सकती है और अन्य बाकी बची दो लेन में दूसरे वाहन चल सकते है।
यह है विज्ञापन में
हैवी व्हीकल, आपातकालीन वाहन और टैक्सी किसी भी लेन में चल सकती है और येलो लाइन के अलावा बाकी बची दो लेन आम लोगों के वाहन और दोपहिया वाहन के लिए है।
अभी येलो लाइन पर चलने वालों के काटे जा रहे हैं चालान
जन मार्ग पर अभी ज्यादातर उन वाहन चालकों के चालान काटे जा रहे हैं जो कि बसों के लिए तय येलो लाइन पर चलते हैं।
शुक्रवार को रिजर्व बैंक के पिछली तरफ की सड़क पर पुलिस की ओर से नाका लगाया गया। यहां पर पुलिस ने सड़क के बीचों बीच बैरिकेड्स लगाकर चालान काटे।
हर दिन 50 से ज्यादा चालान
हर दिन जनमार्ग पर लेनिंग सिस्टम के अनुसार न चलने वालों के लिए पुलिस की ओर से 50 से ज्यादा चालकों के चालान काटे जा रहे है।
एसएसपी ट्रैफिक मनीष चौधरी ने बताया कि रोड सेफ्टी काउंसिल की ओर से जो गाइडलाइन तय की गई है, वह गाइडलाइन ही प्रशासन के इंजीनियरिंग विंग को सूचना बोर्ड लगाने के लिए भेजी गई थी। येलो लाइन बसों के लिए तय है जबकि आपातकालीन वाहन, टैक्सी और हैवी व्हीकल चालक को तीनों में किसी भी लेन में चलने की मंजूरी है। जबकि कारें और दोपहिया वाहन येलो लाइन के अलावा बाकी बची दो लेन में चल सकते है। सभी तैनात कर्मचारियों को लेनिंग सिस्टम के प्रति एक बार फिर से जागरूक कर दिया जाएगा।
प्रशासन के चीफ इंजीनियर एसएस बिद्दा के मुताबिक ट्रैफिक पुलिस द्वारा तय की गई गाइड लाइड के अनुसार ही जनमार्ग पर लेनिंग सिस्टम के सूचना बोर्ड लगाए गए है। सूचना बोर्ड पर दी गई जानकारी ठीक है।