चंडीगढ़। जिला बार एसोसिएशन (डीबीए) ने वकीलों के साथ दुर्व्यवहार और उन पर हमले के विरोध में सोमवार को हड़ताल रखी। वकीलों की हड़ताल मंगलवार को भी जारी रहेगी। बीते दिनों किसी काम से सेक्टर-36 थाने में गए जिला बार एसोसिएशन के वकील अभिनंदन शर्मा के साथ दुर्व्यवहार और उनके खिलाफ केस दर्ज करने के विरोध में वकीलों ने नाराजगी जताई। डीबीए अध्यक्ष रोहित खुल्लर ने कहा कि बीते माह खरड़ निवासी वकील नरेश कुमार के घर आकर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। खरड़ पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ केस तो दर्ज किया लेकिन अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जब तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती डीबीए का विरोध जारी रहेगा।