जिला अदालत में ठप रहा कामकाज
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। मुल्लांपुर थाने में एडवोकेट विकास बेक्टर के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में सोमवार को चंडीगढ़ के वकीलों ने हड़ताल की। जिला अदालत में दिनभर कामकाज पूरी तरह ठप रहा। जिला बार एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि एडवोकेट बेक्टर पर पंजाब सरकार के इशारे पर झूठा केस दर्ज किया गया है। एसोसिएशन ने एफआईआर रद्द करने की मांग की है। हड़ताल के कारण लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों को इसकी जानकारी न होने के चलते उन्हें अदालत से खाली हाथ लौटना पड़ा। गौरतलब है कि एडवोकेट विकास बेक्टर पर जबरन वसूली और धमकाने के आरोप में मुल्लांपुर पुलिस ने केस दर्ज किया था।