चंडीगढ़। ऑपरेशन सेल ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे दीपक उर्फ दीपू बनूड़ को शनिवार को जिला अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस आरोपी को बुड़ैल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई थी। पुलिस ने दीपू की निशानदेही पर मोहाली के गांव नडियाली निवासी सिमरनजोत सिंह (30) को .32 बोर की पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी सिमरनजोत को शुक्रवार को जिला अदालत में पेश कर जेल भेज दिया था। ऑपरेशन सेल दीपू को बुड़ैल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर दो दिन के रिमांड लेकर आई थी। रिमांड के दौरान आरोपी ने बताया कि वह वारदात के बाद हथियार सिमरनजोत सिंह के पास छिपा देता था। पुलिस ने दीपू से पूछताछ में कई अहम जानकारी हासिल की है, जिस पर जांच शुरू कर दी है।