अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास और जनहित के मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय आप सरकार एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी की तरह काम कर रही है। विधानसभा का विशेष सत्र मनरेगा संशोधन बिल पर चर्चा के लिए बुलाया जा रहा है, लेकिन इसमें प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भी गंभीर बहस होनी चाहिए।
जाखड़ ने जारी बयान में कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था के हालात चिंताजनक हैं। लगातार हत्याएं हो रही हैं और लगभग हर दिन फिरौती की धमकियों की खबरें सामने आ रही हैं। ऐसे माहौल में सरकार का इन मुद्दों से आंखें मूंद लेना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विशेष सत्र में इन गंभीर विषयों पर चर्चा कर समाधान निकालना जरूरी है। मनरेगा को लेकर जाखड़ ने कहा कि केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की हालिया पंजाब यात्रा के दौरान हर जिले में इस योजना में हो रहे भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आईं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि पिछले चार वर्षों में मनरेगा के तहत हुए भ्रष्टाचार पर श्वेत पत्र जारी किया जाए। जाखड़ ने सवाल उठाया कि जब केंद्र सरकार भ्रष्टाचार रोककर 100 के बजाय 125 दिन का रोजगार देने की गारंटी दे रही है, तो राज्य सरकार को इस पर आपत्ति क्यों है। उन्होंने कहा कि आप सरकार को पंजाब के गरीबों को गुमराह करना बंद करना चाहिए।